कांग्रेस सेवा दल ने महंगाई को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ ऊंट गाड़ी के साथ प्रदर्शन किया, भाजपा कार्यालय के सामने हुई नोकझोंक

बढ़ती महंगाई को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस ने राजस्थान में आंदोलन तेज कर दिया है। जयपुर में कांग्रेस सेवा दल ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ ऊंट गाड़ी के साथ प्रदर्शन किया। साथ ही, रसोई गैस सिलेंडर की शवयात्रा निकाल कर बढ़ती कीमतों का विरोध जताया।

बनीपार्क से लेकर 22 गोदाम सर्किल तक शंख और पीपा बजाकर मार्च निकाला। इतना ही नहीं, भाजपा कार्यालय के सामने रुक कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पर चढ़कर विरोध जताया।

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी सामने आ गए। कार्यालय के सामने शवयात्रा के रुकने का विरोध किया। मामला गरमाता देख पुलिस ने सेवादल के कार्यकर्ताओं को आगे निकाल दिया। इसके बाद भाजपाइयों से पुलिस की नोकझोंक हो गई।

कांग्रेस सेवा दल के प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह शेखावत ने कहा कि रोजाना पेट्रोल-डीजल के रेट बढा़ए जा रहे हैं। महंगाई की मार से जनता त्रस्त है। कांग्रेस सेवा दल ने बनीपार्क से पेट्रोल-डीजल व गैस की कीमतें बढऩे को लेकर ऊंट गाड़ी पर पैदल मार्च निकाला।

अर्थी सजा कर सिलेंडर को रखा गया था। शंख बजाकर पीपे बजाए गए। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। पैदल मार्च में काफी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी ऊंट गाड़ी पर नारेबाजी कर रही थीं। हाथों में महंगाई के विरोध की तख्तियां लगी हुई थीं।

यह भी पढ़ें-सीएम गहलोत ने मौसम विभाग का चेतावनी सिस्टम दुरूस्त करने के निर्देश दिए, कहा-आकाशीय आपदा का अलर्ट अब आम लोगों को भी देंगे