टोक्यो ओलिंपिक गेम्स के लिए कोरोना की वैक्सीन जरूरी : ऑर्गनाइजर्स

इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी के अध्यक्ष थॉमस बाक ने कहा था- टोक्यो ओलिंपिक तय समय पर ही होंगे

टोक्यो। टोक्यो ओलिंपिक समिति के अध्यक्ष योशिरो मोरी ने अगले साल होने वाले गेम्स के लिए कोरोना की वैक्सीन को जरूरी बताया है। उन्होंने कहा कि टोक्यो ओलिंपिक के लिए कोरोना की वैक्सीन या इलाज जरूरी है।

यदि आज जैसे हालात ही अगले साल तक रहे तो गेम्स होना बेहद मुश्किल होगा। कोरोना के कारण टोक्यो ओलिंपिक 2020 को एक साल के लिए टाल दिया गया है। अब यह गेम्स 23 जुलाई से 8 अगस्त 2021 तक होंगे।

एक अखबार को दिए इंटरव्यू में मोरी ने कहा, आज जिस तरह से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, उसको देखकर एक साल बाद की स्थिति की कल्पना नहीं की जा सकती है। यदि आज जैसे हालात रहे तो अगले साल ओलिंपिक का होना मुश्किल है। हम इसे नहीं करवाएंगे। ओलिंपिक में कम दर्शकों को इंट्री देना भी बेहद मुश्किल है।

अगले साल तक जापान में हालात सुधरने के आसार नहीं

योशिरो मोरी ने कहा कि जापान में बढ़ रहे कोरोना के मामले को देखकर ऐसा नहीं लग रहा है कि एक साल बाद इसमें कमी आएगी। जापान में अब तक 989 लोगों की मौत हो चुकी है। टोक्यो में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है।

दर्शकों के साथ होगा टोक्यो ओलिंपिक : आईओसी अध्यक्ष

हाल ही में इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाक ने कहा था, टोक्यो ओलिंपिक तय समय पर ही होंगे। गेम्स पर कोरोना का कोई खतरा नहीं है। इस टूर्नामेंट में दर्शकों को भी एंट्री मिल सकेगी। खिलाड़ी से लेकर सभी की सुरक्षा के लिए जरूरी सुविधाओं पर काम किया जा रहा है। वहीं, आईओसी के सीईओ तोशिरो मुटो ने कहा था कि इस साल दिसंबर तक कोरोना की स्थिति देखकर हम सभी को यह पता चल जाएगा कि आगे हमें क्या करना है।

सर्वे में ज्यादातर लोग ओलिंपिक के पक्ष में नहीं

जापानी मीडिया के मुताबिक, कुछ दिन पहले सर्वे में यह बात सामने आई थी कि टोक्यो में रहने वाले ज्यादातर लोग 2021 में ओलिंपिक कराने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गेम्स को टाल या रद्द कर देना चाहिए। 51.7 प्रतिशत ने गेम्स को टालने की बात कही, जबकि 46.3 लोग चाहते हैं कि ओलंपिक तय समय पर कराए जाएं।

रद्द करने को लेकर नहीं हुई है अभी तक चर्चा

टोक्यो ओलिंपिक के अध्यक्ष योशिरो मोरी ने 12 जून को कहा था कि खेलों को रद्द करने को लेकर आईओसी के साथ कोई बात नहीं की गई थी। उन्होंने आयोजन समिति की कार्यकारी बोर्ड की बैठक में कहा था कि आईओसी को हर पहलू पर समीक्षा के बाद ही कोई फैसला लेना चाहिए।

ओलिंपिक को टालना मुश्किल

खेलों के व्यस्त शेड्यूल के चलते ओलिंपिक का अगले साल भी टलना मुश्किल लग रहा है। 2022 में फुटबॉल का वल्र्ड कप कतर में होना है। वहीं, बीजिंग में 2022 विंटर ओलिंपिक भी होने हैं। ऐसे में यदि कोरोना का खतरा बढ़ता है, तो टोक्यो गेम्स रद्द होने की पूरी आशंका है।