दुनिया में नहीं रूक रहा कोरोना संक्रमितों का बढ़ता ग्राफ

ट्रम्प ने कहा- एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन फेज-3 के ट्रायल में पहुंची

वॉशिंगटन। दुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 2 करोड़ 56 लाख 21 हजार 925 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 79 लाख 22 हजार 92 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 8 लाख 54 हजार 229 लोगों की मौत हो चुकी है। अभी 68 लाख 45 हजार 604 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन फेज-3 के ट्रायल पर पहुंच गई है।

जल्द ही फेज-3 की दूसरी वैक्सीनों के साथ ही इसे भी अनुमति मिलेगी। हम वो काम कर रहे हैं, जिसको लोग असंभव मानते थे। एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के रिसर्चर्स ने विकसित किया है। कंपनी ने कहा कि फेज-3 के ट्रायल में अमेरिका में 80 जगहों पर लगभग 30 हजार वॉलंटियरों को शामिल किया जाएगा। अमेरिका में दो कंपनियों मॉडर्ना और फाइजर की वैक्सीन भी फेज-3 के ट्रायल पर हैं। दोनों कंपनियां 30 हजार वॉलंटियरों पर ट्रायल कर रही हैं।

भूटान में लॉकडाउन में ढील दी गई

भूटान सरकार ने मंगलवार को लॉकडाउन में ढील देना शुरू कर दिया है। यहां 11 अगस्त को लॉकडाउन लगाया गया था। प्रधानमंत्री लोटे सेरिंग ने कहा कि लॉकडाउन में चरणबद्ध तरीके से छूट दी जाएगी। हर 10 दिन के बाद छूट बढ़ाई जाएगी। मंगलवार को अनलॉक के पहले फेज में लोगों को टहलने, साइकिलिंग करने और अपने एरिये में शापिंग की छूट दी गई है। अभी तक देश में 225 संक्रमित मिले हैं, इनमें से 142 लोग ठीक हो चुके हैं।

जापान – भारत के लिए इमरजेंसी लोन बढ़ाया

जापान ने कोरोना महामारी से लडऩे को भारत के लिए इमरजेंसी लोन बढ़ाया है। जापान ने सोमवार को कहा कि उसने 50 अरब येन (करीब 34 अरब रुपए) का इमरजेंसी लोन बढ़ाया है। इस लोन पर सालाना 0.01 प्रतिशत का ब्याज होगा और यह 15 साल के लिए होगा। जापान में अब तक 67 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं और एक हजार से ज्यादा की जान गई है।

इजराइल – 2576 नए मामले

इजराइल में 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 2576 नए मामले आए और 20 की जान गई। यहां अब तक 1 लाख 16 हजार 596 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 939 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में गंभीर मरीजों की संख्या 437 है। अब तक 95 हजार 9 लोग ठीक भी हो चुके हैं। माहामारी के चलते देश में बेरोजगारी बढ़ गई है। फरवरी में जहां बेरोजगारी दर 3.9 प्रतिशत थी, वहीं अब यह बढ़कर 20.7 प्रतिशत हो गई है। इसके चलते भी लोग नेतन्याहू सरकार से नाराज हैं।

ब्राजील – अब तक 1.21 लाख लोगों की मौत

ब्राजील में कोरोना से अब तक 1.21 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। यहां पिछले 24 घंटे में 553 लोगों की मौत हुई। यह लगातार पांचवां दिन है जब एक हजार से कम मौतें हुई हैं। यहां एक दिन में 45 हजार 961 नए मामले आए। देश में अब तक 39 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। यहां सबसे ज्यादा प्रभावित साओ पाउलो में मौतों का आंकड़ा 30 हजार के पार हो गया है।

चीन – 10 नए मामले आए

चीन में 24 घंटे में कोरोना के 10 नए मामले आए हैं। ये सभी मामले बाहर से आए हैं, लोकल ट्रांसमिशन का एक भी मामला नहीं है। वहीं, 31 मरीज ठीक भी हुए हैं। चीन में कोरोना संक्रमण के अभी तक 85 हजार 58 मामले आए हैं और 4634 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में 34 मरीज बिना लक्षण वाले (एसिम्टोमैटिक) भी पाए गए हैं।