अमेरिका में चक्रवाती तूफान इडा ने मचाई तबाही, 44 लोगों की मौत, 400 साल की सबसे भीषण बारिश

अमेरिका में चक्रवाती तूफान इडा ने तबाही मचा दी है। चार दिन पहले अमेरिकी शहर लुइसियाना से टकराने के बाद यह न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी, फिलाडेल्फिया और पेंसिल्वेनिया समेत उत्तरी अमेरिकी राज्यों तक पहुंच गया है। देश में करीब 6 करोड़ लोग बाढ़ से जूझ रहे हैं, जबकि 3 लाख घरों की बिजली गुल है।

सबसे ज्यादा असर न्यूयॉर्क पर पड़ा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि न्यूयॉर्क में यह बारिश पिछले 400 साल की सबसे भीषण बारिश हो सकती है। वहां बुधवार को एक घंटे में 3.5 इंच और रातभर में करीब 8 इंच बारिश दर्ज की गई। इसे लेकर न्यूयॉर्क के इतिहास में पहली बार आपातकाल लगा दिया गया है। न्यूयॉर्क सिटी के ज्यादातर सब-वे में पानी भर गया है। मेट्रो बंद हैं। एमटीएस बस रूट पूरी तरह ठप हो गया है। सड़कों पर कारें डूब गई हैं। सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

दूसरी तरफ, बाढ़ के कारण न्यूजर्सी में 14 मौतें हुई हैं। मृतकों में दो साल का बच्चा भी है। 9 लोग घायल हैं और कई लापता हैं। एक घंटे में 3.24 इंच बारिश होने के बाद एयरपोर्ट पर पानी भर गया। न्यूजर्सी के नेवार्क लिबर्टी एयरपोर्ट से उडऩे वाली सभी फ्लाइट्स को सस्पेंड कर दिया गया। हालांकि, कुछ जरूरी फ्लाइट्स बाद में शुरू कर दी गईं।

यह भी पढ़ें- पंजशीर में तालिबान और नॉर्दन अलायंस के बीच जंग, अलायंस का दावा-350 से ज्यादा तालिबानी मारे गए, 40 से ज्यादा बंधक भी बनाए