एअर इंडिया के 45 लाख यात्रियों का डेटा लीक, क्रेडिट कार्ड समेत पर्सनल जानकारी चोरी

सरकारी एयरलाइंस एअर इंडिया के यात्रियों का डेटा लीक होने का मामला सामने आया है। खबर है कि इसके डेटा सेंटर पर साइबर सिक्योरिटी का हमला हुआ था और इसी के तहत डेटा चोरी हुआ है। यह हमला फरवरी में इसी साल हुआ था। एअर इंडिया ने अपनी वेबसाइट पर यह जानकारी दी है।

कंपनी ने बताया कि इस साइबर सिक्योरिटी हमले में यात्रियों की पर्सनल जानकारी चुराई गई है। इसमें करीब 45 लाख यात्रियों का डेटा चुराया गया है। इनमें देश और विदेश के यात्री शामिल हैं। कंपनी ने कहा कि यह पूरे वैश्विक लेवल पर उसके यात्रियों के साथ हुआ है। इसमें कहा गया है कि क्रेडिट कार्ड का भी डिटेल चोरी हुआ है।

कंपनी ने प्रभावित यात्रियों को भेजी जानकारी में कहा है कि यह डेटा चोरी 26 अगस्त 2011 और 20 फरवरी 2021 को हुआ है। इस साइबर सिक्योरिटी अटैक में नाम, जन्मतिथि, कॉन्टैक्ट डिटेल्स, पासपोर्ट डिटेल्स, टिकट की जानकारी, स्टार अलायंस और एअर इंडिया फ्रीक्वेंट फ्लायर के डेटा चोरी हुए हैं। स्टार अलायंस वैश्विक कंपनी है जिसके साथ एअर इंडिया का टाईअप है। फ्रीक्वेंट फ्लायर का मतलब वे यात्री, जो हमेशा एअर इंडिया से यात्रा करते हैं।

यह भी पढ़ें- शेयर मार्केट में तेज़ी, सेंसेक्स ने लगाई 975.62 अंक की छलांग