यूपी में डेंगू का कहर जारी, 263 नए डेंगू मरीज मिले, 5 मरीजों की मौत

कोरोना की संभावित तीसरी लहर के बीच उत्तर प्रदेश में डेंगू कहर बरपा रहा है। इसके संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। फिरोजाबाद में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। शुक्रवार को 24 घंटे के अंदर प्रदेशभर में 263 मरीजो की डेंगू टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अकेले फिरोजाबाद में 170 लोग इसकी जद में आए। यहां 5 मरीजों की मौत की भी पुष्टि हुई है।

यूपी में डेंगू का नया स्ट्रेन-डी-टू पाया गया है। आईसीएमआर के इस खुलासे से स्वास्थ्य विभाग में भी खलबली है। स्वास्थ्य विभाग के ष्ठत्र डॉ. वेदव्रत ने बताया कि शुक्रवार को प्रदेश भर में 263 नए मरीज डेंगू के पाए गए हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 170 मरीज फिरोजाबाद के हैं।

वहीं, 1 जनवरी से अब तक करीब डेंगू के 1900 मरीज सामने आ चुके हैं। प्रभावित जिलों में लखनऊ की एक्सपर्ट टीम दौरा कर चुकी है। साथ ही सभी जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। अस्पतालों में इलाज की मुफ्त व्यवस्था की गई है। बुखार के मरीजों का घर-घर सर्वे किया जा रहा है।

सरकार डेंगू की जांच, दवा और इलाज की बेहतर व्यवस्था करने के दावे कर रही है। फिरोजाबाद, मथुरा में बेड बढ़ाएं जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अन्य जिलों में भी डेंगू वार्ड में बेड फुल होने पर कोरोना वार्ड को सैनेटाइज करके मरीजों को भर्ती करने के निर्देश दिए गए हैं।

आईसीएमआर ने फिरोजाबाद जिले में अधिकांश मौतों का कारण डेंगू के डी-टू स्ट्रेन को बताया है। यह घातक स्ट्रेन जानलेवा है। यह प्लेटलेट काउंट को भी तेजी से प्रभावित करता है। इस स्ट्रेन के ज्यादातर मरीज मथुरा और आगरा में पाए गए हैं।

यह भी पढ़ें-करनाल जिला प्रशासन और किसानों के बीच दो मांगों पर समझौता, किसानों का धरना खत्म