अकाम निर्जरा से भी प्राप्त हो सकती है देवगति : आचार्य महाश्रमण

आचार्य महाश्रमण

विशेष प्रतिनिधि, छापर (चूरू) जन-जन को सन्मार्ग दिखाने वाले, जन-जन की चेतना को धर्म से भावित बनाने के लिए तथा मानव-मानव के कल्याण के लिए समर्पित जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के वर्तमान अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणजी राजस्थान के चूरू जिले के छापर कस्बे में चतुर्मास कर रहे हैं। देश-विदेश के कोने-कोने में बसे छापर के लोग आचार्यश्री के दर्शन, सेवा और उपासना के लिए अपने कस्बे में आ चुके हैं। उनके यहां आने से वीरान पड़े घरों की रौनक भी लौट आई है। छापरवासियों पर विशेष कृपा करते हुए आचार्यश्री ने अपने नियमित प्रवचन को भगवती सूत्र व कालूयशोविलास पर केंद्रित कर दिया है।
मंगलवार को आचार्यश्री ने भगवती सूत्र के आधार पर उपस्थित लोगों को पावन प्रेरणा प्रदान करते हुए कहा कि एक प्रश्न किया गया है कि दुनिया में मनुष्य और तिर्यंच जो असंयमी हैं, अव्रती हैं वो मरने के बाद देवगति में जा सकते हैं अथवा देव बन सकते हैं क्या? इसका उत्तर देते हुए बताया गया है कि कुछ मनुष्य और तिर्यंच असंयमी होने के बाद भी देवगति को प्राप्त कर सकते हैं और कई नहीं भी कर सकते हैं। कई ऐसे मनुष्य अथवा जीव होते हैं जो गांव, नगर अथवा आश्रम आदि में रहते हैं। उनके जीवन में कोई त्याग नहीं होता तो भी वे अकाम निर्जरा कर लेते हैं।
जिस प्रकार एक सैनिक देश की सुरक्षा के लिए कभी गर्मी को सहन करता है, वर्षा और सर्दी को सहन करता है, ड्यूटी करते वक्त कभी भूख तो कभी प्यास को भी सहन कर लेता है। कहीं मच्छरों के परिषह को भी सहता है। उसी प्रकार मजदूर भी काम करते वक्त कभी धूप को सहता तो कभी प्यास और भूख को सहन कर लेता है।
परिवार से दूर होते हैं तो सहज संयम भी हो जाता है। बैल, भैंसा, हाथी, ऊंट, गदहा आदि जीव भी बोझ ढोते हैं, वे भी कभी भूख, प्यास को सहन करते हैं, मार भी कभी सहते हैं। घर से दूर होना, संयम हो जाने और सहन करने से उन सभी को अकाम निर्जरा हो जाती है, जिसके कारण उन्हें देवगति का बंध भी हो सकता है। वे व्यंतर जाति के देव बन सकते हैं। धर्म को ज्यादा नहीं जानने के बाद भी वे ज्यादा पाप नहीं करते और उनकी अकाम निर्जरा होने से वे देवगति की प्राप्ति कर सकते हैं। कोई लम्बी बीमारी में भी कष्ट को सहन करता है, उसे झेलता है तो वह भी देवगति को प्राप्त कर सकता है। सम्यक् चारित्र हो और सहन कर लिया तो उच्च गति की प्राप्ति हो सकती है।
आचार्यश्री ने कालूयशोविलास के गायन और राजस्थानी भाषा में व्याख्यान देते हुए आचार्य कालूगणी की दीक्षा प्रसंग, मुनि अवस्था व अपने आचार्यों के साथ विहार की स्थिति का वर्णन किया। स्थानीय भाषा में कालू जीवन चरित्र को श्रीमुख से श्रवण कर जन-जन प्रमुदित नजर आ रहा था। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती मंजूदेवी दुधोडिय़ा ने अठाई की तपस्या का प्रत्याख्यान किया। उपासक श्रेणी को शिविर के संदर्भ में आचार्यश्री ने उपसंपदा प्रदान की।

यह भी पढ़ें : सम्यक् ज्ञान और सम्यक् दर्शन आगे तक साथ जाने वाले : आचार्यश्री महाश्रमण