भक्तों ने लगाया मंशापूर्ण महादेव को चूरमे का भोग

प्रतापगढ़। प्रतापगढ़/अरनोद. जिलेभर में सोमवार को मंशापूर्ण महादेव का उद्यापन हुआ। जिलेभर में करीब 40 क्विंटल आटा, घी और गुड़ की सामग्री से चूरमा तैयार कर श्रद्धालुओं ने महादेव को भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया। शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में करीब 10 क्विंटल से अधिक की सामग्री का चूरमा बनाया। वहीं अरनोद में ढाई क्विंटल सामग्री का चूरमा तैयार कर महादेव को भोग लगाया।

व्रत के उद्यापन के अवसर पर मंदिरों पर सुबह से काफी भीड़ जमा रही। कथा के वाचन के बाद सवा सेर आटे, घी के साथ अन्य सामग्री चूरमा बनाकर भगवान को भोग लगया। वहीं गौतमेश्वर में सुबह से ही व्रतधारियों का तांता लगना शुरू हुआ जो दिनभर चलता रहा। इसके चलते दुकानों पर भी दिन भर ग्राहकी रही। अरनोद के गौतमेश्वर, गोरेश्वर, फतेहगढ़ के कमलेश्वर, आम्बीरामा में रिछड़ी महादेव, सालमगढ़ में नीलकंठ महादेव व होरी हनुमानजी पर सोमवार को दिनभर लोगों की भीड़ रही।

प्रतापगढ़/अवलेश्वर। जिलेभर में सोमवार को मंशा महादेव व्रत धारियों ने अपने व्रत का उद्यापन किया। इस दौरान शहर सहित जिलेभर के विभिन्न महादेव के मंदिरों में धार्मिक आयोजन और कार्यक्रम हुए। जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। अवलेश्वर कस्बे सहित आसपास क्षेत्र में सोमवार को महादेव मंदिरों में मंशा महादेव व्रत धारियों के उद्यापन कार्यक्रम हुए।

भरत लाल शर्मा, पंडित मांगीलाल मेनारिया गंधेर ने व्रत धारियों को महादेव मंदिरों में भगवान भोले शिव शंकर के जलाभिषेक व कथा श्रवण कराई। जिसमें कस्बे के चारभुजा महादेव मंदिर, नई आबादी महादेव मंदिर, अंकलेश्वर महादेव मंदिर, गौतमेश्वर महादेव मंदिर, गंधेर के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, राजोरा महादेव मंदिरों में भक्तों ने महादेव का जलाभिषेक करके सवा सेर के हिसाब से आटा, गुड, देसी घी से लड्डू बनाकर के उसके चार भाग करके भगवान को भोग लगाया।

धरियावद। धरियावद में सोलह सोमवार मंशा महादेव व्रत का उद्यापन नगर के विभिन्न शिवालयों में जाकर विधि विधान पूर्वक किया गया। खासकर मसानिया महादेव मंदिर व मऊ महादेव मंदिर परिसर में व्रतधारियों की खासी भीड़ रही। सुबह पूजा अभिषेक, कथा वाचन के बाद दोपहर को लड्डू चूरमा का भोग चढ़ाया गया। इस दौरान पुजारी के नेतृत्व में पूजा अभिषेक सम्पन्न कराए। मऊ महादेव मंदिर के महंत रामेश्वरदासजी महाराज के निर्देश पर भक्तों ने पूजा अभिषेक कर उद्यापन किया व 11 क्विंटल चूरमे का भोग लगाया गया।

छोटीसादड़ी। हिंदू धर्मशाला में स्थित मंशापूर्ण महादेव मंदिर पर 4 माह से व्रत धारी महिलाएं एवं पुरुषों ने मंशा महादेव का व्रत किया। सोमवार को उद्यापन किया। प्रात: 4: बजे से ही व्रत धारियों ने मंशापूर्ण महादेव का पंचामृत आदि से अभिषेक कर मोदक का भोग लगाया, कथा श्रवण कर आरती एवं इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया।

पारसोला। चार माह तक हर सोमवार वृत का उद्यापन करने के पश्चात सोमवार को मंशा महादेव व्रत धारियों ने अपने व्रत का उद्यापन किया। पारसोला में महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने लड्डुओं के भोग लगाए। कर्णेश्वर महादेव में भी श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना के बाद लड्डुओं के लगाए। आड़ में पंडित विधानाचार्य राजेश शर्मा के निहित लगभग 100 श्रद्धालुओं ने महादेव मंदिर में कथा व पूजा अर्चना के बाद लड्डुओं के भोग लगाकर अपनी आस्था व्यक्त की। आड़ महादेव में प्रधान प्रतिनिधि शांतिलाल मीणा, प्रधान हकरी देवी मीणा उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें-राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू, अंडर-17 में मेजबान उदयपुर ने जैसलमेर को 15-0 से हराया