
ड्रग्स मामले में गिरफ्तार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान समेत 8 आरोपी 7 अक्टूबर तक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की कस्टडी में हैं। ऐसे वक्त में शाहरुख खान को इंडस्ट्री का सपोर्ट मिल रहा है। फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेसेस काजोल, रानी मुखर्जी, दीपिका पादुकोण और अनुष्का शर्मा ने शाहरुख से फोन पर बात की। इससे पहले जिस दिन आर्यन गिरफ्तार हुए थे, उस शाम सलमान खान शाहरुख से मिलने मन्नत पहुंचे थे।
अब दिल्ली के 4 लोगों को लेकर मंगलवार को दिल्ली एनसीबी टीम मुंबई एनसीबी के ऑफिस पहुंची है। माना जा रहा है कि ये सभी गिरफ्तार हैं। हालांकि, एनसीबी की ओर से अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की गई है। अब तक सिर्फ 11 लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है। इनमें आर्यन समेत 8 लोग कू्रज से, अरबाज मर्चेंट का दोस्त श्रेयस, 1 शख्स जोगेश्वरी से और 1 ओडिशा से गिरफ्तार हुए हैं।
ड्रग्स पार्टी मामले में एनसीबी ने एक पैडलर और श्रेयस को भी गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर रेव पार्टी के लिए ड्रग्स मुहैया करवाने का आरोप है। श्रेयस, अरबाज का बहुत अच्छा दोस्त बताया जा रहा है और उसके पास काफी ड्रग्स बरामद हुई है। आज इन दोनों को आर्यन, अरबाज और मुनमुन समेत 8 आरोपियों के सामने बैठाकर पूछताछ की जाने की संभावना है। इसी मामले में एनसीबी कुछ और जगहों पर रेड भी कर सकती है।

आज इन्हें कस्टडी के लिए किला कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसी मामले में एनसीबी ने कू्रज के 8 स्टाफ को भी हिरासत में लिया है। इन पर पार्टी की जानकारी जानबूझकर छिपाने का आरोप है। माना जा रहा है कि आज इनमें से कुछ को गिरफ्तार किया जा सकता है।