दुनिया में बढ़ते कोरोना ग्राफ की वजह से दुबई नहीं जा सकेंगी एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट्स

दुनिया में 9.5 लाख से ज्यादा लोगों की मौत, 2.02 करोड़ से ज्यादा लोग अब स्वस्थ

नई दिल्ली। दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 3.03 करोड़ से ज्यादा हो गया है। इसी दौर में एक अच्छी खबर ये है कि ठीक होने वालों की संख्या भी अब 2 करोड़ 20 लाख से ज्यादा हो चुकी है। महामारी में मरने वालों की संख्या 9 लाख 50 हजार से ज्यादा हो गई है।

दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी का फैसला

4 सितंबर को जयपुर से दुबई पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट नंबर आईएक्स1135 में एक पैसेंजर कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी ने एयर इंडिया एक्प्रेस की दुबई आने वाली फ्लाइट्स को 2 अक्टूबर तक सस्पेंड कर दिया है। यह प्रतिबंध 18 सितंबर यानी आज से 14 दिन (2 अक्टूबर) तक प्रभावी रहेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जयपुर से दुबई गए इस पैसेंजर ने जयपुर में ही 2 सितंबर को कोरोना टेस्ट कराया था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दूसरा मौका है जब एयर इंडिया एक्सप्रेस से कोई पॉजिटिव पैसेंजर दुबई पहुंचा हो। एयर इंडिया को संबंधित पैसेंजर के इलाज और क्वारैंटीन फैसेलिटीज पर हुए खर्च की भरपाई भी करनी होगी।

पाकिस्तान – स्कूल खोलने का फैसला गलत साबित हुआ

इमरान खान सरकार ने मंगलवार को 9वीं और 10वीं कक्षाओं के अलावा कॉलेज खोले थे। गुरुवार को 32 स्कूलों को बंद करना पड़ा। इसकी वजह नियमों का पालन न करना था। कुछ स्कूलों में तो बुनियादी सुविधाएं भी नहीं थीं। एक कॉलेज में दो स्टूडेंट्स पॉजिटिव पाए गए। विपक्ष पहले ही सरकार के इस फैसले का विरोध कर रहा था। एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा में सबसे ज्यादा 16 स्कूल बंद किए गए। राजधानी इस्लामाबाद में दो स्कूल बंद करने पड़े। सरकार ने कहा है कि वो इंतजामों की समीक्षा के बाद अगली कार्रवाई पर विचार करेगी।

चीन – म्यांमार सीमा से लगने वाला शहर बंद

यूनान प्रांत के रूइली शहर को संक्रमण के खतरे के मद्देनजर पूरी तरह बंद करने का फैसला किया गया। किसी भी तरह के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। लोगों से कहा गया है कि वे घर से बाहर न निकलें। यह शहर म्यांमार की सीमा से लगता है। पिछले दिनों यहां दो नए मरीज मिले थे। इसके बाद शहर की सभी सीमाओं पर चेक पोस्ट लगा दिए गए। गुरुवार को यहां 360 टेस्टिंग साइट्स बनाई गईं। इनमें 1200 लोगों का स्टाफ है। अब तक यहां 60 हजार लोगों का टेस्ट किया जा चुका है।