बादलों की ओर कब तक टकटकी लगाए रहेंगे ?
महाराष्ट्र में सूखे का संकट किसानों के सामने गंभीर चुनौती बनकर खड़ा है। 358 में से 305 तालुकाओं में सूखे की स्थिति और कई जिलों में कम बारिश ने खेती को बुरी तरह प्रभावित किया है। तात्कालिक आर्थिक सहायता जरूरी है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए आधुनिक सिंचाई, कम पानी वाली फसलें, मौसम का सटीक पूर्वानुमान और जल संरक्षण पर ठोस काम करना होगा।
तात्कालिक राहत जरूरी मगर तकनीक आधारित व्यवस्था के बगैर किसानों की समस्याएं नहीं सुलझेंगी
How long will you keep gazing at the clouds: महाराष्ट्र के किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए दूरदृष्टि, समग्र रोडमैप और दृढ़ इच्छाशक्ति की जरूरत है. ध्यान रखिए कि किसान अनाज नहीं उपजा पाएंगे तो हम और आप खाएंगे क्या? अन्नदाता के साथ हम सबको खड़ा होना ही होगा!
हिंदी साहित्य के महान रचनाकार, लेखक और कवि सर्वेश्वरदयाल सक्सेना की कविता ‘सूखा मैंने अपने युवा दिनों में पढ़ी थी. महाराष्ट्र में सूखे की विकरालता के संदर्भ में उस कविता की कुछ पंक्तियां बार-बार याद आ रही हैं. कविता लंबी है लेकिन कुछ पंक्तियां आप पढ़िए… बहुत भावनात्मक हैं. जलहीन कूपों की आंखों में झांकता/जलती धरती के माथे पर/ ठंडे हाथ रखता. (शायद कोई अंकुर उगे)
अभ्यासवश ही देखता हूं, सुनता हूं/बोलता हूं, चुप रहता हूं/खाली जमीन को घेरता हूं/और बाड़े बनाने के लिए/कांटे उठा-उठाकर लाता हूं.
तुम एक भयानक सूखे से घिर गए हो—लोग मुझसे कहते हैं. (शायद यह हमदर्दी है!) सूखा— हां, अब मुझमें कुछ उगेगा नहीं/ अब कहीं कोई प्रतीक्षा नहीं होगी/ एक खाली पेट की तरह/ मेरी आत्मा पिचक गई है.
कविता की इन पंक्तियों को दोहराते हुए मैं सोच रहा हूं कि क्या हमारे किसानों की यही तकदीर है? क्या इसे बदनसीबी मान कर आकाश की ओर देखते रहें? बस केवल मन्नतें मांगते रहें कि बारिश कभी न रूठे और फसल को लहलहा दे! मगर बारिश है कि रूठने से बाज ही नहीं आ रही है! इतना रूठ गई कि 358 में से 305 तालुकाएं सूखाग्रस्त हो गईं. 36 जिलों में से 31 जिलों में कम बारिश हुई. कई जिलों में बारिश औसत से 50 प्रतिशत कम हुई. किसान देखते रहे और सोयाबीन पीली पड़ गई, कपास की पैदावार रुक गई, अरहर मुरझा गई और गन्ना सामान्य ऊंचाई तक पहुंचने से पहले ही सूख गया.
कहा जा रहा है कि 1972 के बाद महाराष्ट्र में यह सबसे बड़ा सूखा है. मगर मुझे तो लगता है कि बारिश कम होने की समस्या लगातार बढ़ती ही जा रही है. यदि बारिश होती भी है तो कभी इतनी तेज रफ्तार से कि फसल नष्ट हो जाए, तो कभी बारिश के बीच इतना ज्यादा अंतर हो जाता है कि पानी का औसत आंकड़ा पूरा हो भी जाए तो किसानों के समक्ष समस्या बनी ही रहती है. सरकार को लगता है कि किसान गंभीर संकट में हैं तो उन्हें कुछ राशि दे दी जाती है, कभी कर्ज की राशि माफ कर दी जाती है. हमारे संवेदनशील मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहत के कुछ कदम उठाए हैं. किसानों को दिवाली के पहले 5000 की राशि मिल जाएगी. लेकिन हम सब जानते हैं कि इस फौरी राहत से समस्या को दूर करने का दूरगामी रास्ता नहीं निकलता.
इसके लिए एक रोडमैप बनाना होगा. जिस तरह से हम उद्योगों के लिए नीतियां बनाते हैं, उन्हें सस्ती दरों पर जमीन देते हैं, सस्ती बिजली देते हैं, उन्हें संकट से उबारने के लिए भी बहुत कुछ करते हैं, उसी तरह की नीति हमें अपने किसानों के लिए भी बनानी होगी. मैंने हमेशा कहा है कि खेती को उद्योग का दर्जा मिलना चाहिए. मगर इन सबके लिए हमें वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा. कुछ कड़वे निर्णय भी लेने होंगे. सबको पता है कि मराठवाड़ा जैसे कम बारिश वाले इलाके में गन्ने की खेती मुफीद नहीं है क्योंकि गन्ने को बहुत ज्यादा पानी की जरूरत होती है. किसानों को बाजरा, ज्वार, दलहन और तिलहन जैसी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना होगा जो कम पानी और सूखे की स्थिति में भी बेहतर उत्पादन दे सकती हैं.
महाराष्ट्र को इजराइल की तरह ड्रिप इरिगेशन और स्प्रिंकलर को शत-प्रतिशत अनिवार्य करना होगा ताकि कम पानी में भी बेहतर फसल ली जा सके. महाराष्ट्र में ड्रिप इरिगेशन को लेकर बरसों से योजनाएं बनती रही हैं लेकिन पूरी तरह क्रियान्वयन आज भी नहीं हो पाया है. आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि इजराइल में सेंसर आधारित सिंचाई प्रणालियों का उपयोग भी किया जाता है जो मिट्टी की नमी के आधार पर केवल जरूरत के लायक पानी छोड़ती हैं.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जल शिवार की जो योजना शुरू की थी, उसे और व्यापकता देनी होगी. पानी को जमीन के भीतर भेजने के लिए व्यापक योजना बनानी होगी. जमीनी पानी के स्रोतों का सटीक नक्शा तैयार करना भी जरूरी है ताकि यह समझा जा सके कि किस क्षेत्र से कितना पानी निकाला जा सकता है. यह बात पहले भी उठती रही है कि कोंकण क्षेत्र की नदियों का पानी समुद्र में बह जाता है. इस संभावना पर हमें विचार करना चाहिए कि क्या वहां से पानी को लिफ्ट इरिगेशन या टनल के जरिए गोदावरी बेसिन की तरफ मोड़ा जा सकता है? दुनिया में इस तरह की व्यवस्थाएं कई जगह हैं इसलिए यह असंभव नहीं है.
तकनीक के इस युग में तहसील और गांव के स्तर की डिजिटल वेदर फोरकास्टिंग की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि किसान सूखे से निपटने के लिए अंतिम समय में भी अपनी रणनीति बदल सकें. किसानों को ऐसे बीज भी उपलब्ध कराने होंगे जो कम वर्षा या लंबे समय तक बारिश न होने पर भी जिंदा रहें.
जरा सोचिए कि किसान अन्न नहीं उपजा पाएंगे तो हम क्या खाएंगे और वो क्या खाएंगे? इसलिए किसानों के साथ हम सबको खड़ा होना ही होगा! एक बार फिर मैं जोर देकर कहना चाहूंगा कि खेती को उद्योग का दर्जा दीजिए और किसानों को तकनीकी रूप से समृद्ध कीजिए ताकि सूखे के खिलाफ जंग जीती जा सके.
कोई अपना टाउन हॉल क्यों जलाएगा?
फ्रांस के लिमोज शहर में 140 साल पुराने टाउन हॉल को जला दिया गया. मैंने उसे देखा था. बहुत खूबसूरत था. मेरे मन में बस एक ही सवाल है कि कोई अपने शहर के गौरव को क्यों जलाएगा? फ्रांस में आंदोलन का एक बड़ा मुद्दा शिक्षा का है और हमारे देश में भी शिक्षा को लेकर ही उथल-पुथल शुरू हुई. शिक्षा बड़ा गंभीर विषय है. शिक्षा से भविष्य संवरता है. इसलिए बहुत सतर्कता और संपूर्णता के साथ इस विषय को हल करना जरूरी है अन्यथा बहुत कुछ दांव पर होगा. स्वाभाविक रूप से टाउन हाल जैसी गौरवपूर्ण इमारतें आक्रोश के कारण स्वाहा हो जाती हैं तो दिल बेचैन हो जाता है.
नोट– यह लेख लेखक की व्यक्तिगत राय है जो कभी भी गलत हो सकती है। यह लेख केवल शिक्षा उद्देश्य के लिए हैं। कृपया करने से पहले अपने फाइनेंशियल एडवाइजर से सलाह लेना ना भूले । पैसा आपका स्वयं का है अतः सोच कर समझ कर ही निवेश करें।

(लेखक विजय दर्डा वरिष्ठ पत्रकार, लोकमत समाचार पत्र समूह के अध्यक्ष व 1998 से 2016 तक राज्य सभा सांसद रहे हैं। )



