राजू श्रीवास्तव पर दुआओं का असर, 15 दिन बाद आया होश

राजू श्रीवास्तव
राजू श्रीवास्तव

बॉडी मूवमेंट बढ़ा, इशारों में की बात

नई दिल्ली। कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के चहेतों के लिए खुशखबरी है। राजू को गुरुवार सुबह होश आ गया। उन्होंने इशारों में चिकित्सकों से ना केवल बात की बल्कि अस्पताल पहुंचने का कारण भी पूछा। इस पर उन्हें बताया गया कि चक्कर आने के कारण उन्हें यहां लाया गया था। राजू के साले आशीष श्रीवास्तव ने कानपुर के व्यापारी नेता ज्ञानेश मिश्रा और हास्य कलाकार अन्नू अवस्थी को बताया कि उन्हें पहली बार होश आ गया हैं।

15 अगस्त को 1 घंटे के लिए वैंटिलेटर हटाया था

राजू श्रीवास्तव
राजू श्रीवास्तव

परिजनों के मुताबिक बुधवार को आधे घंटे के लिए वैंटिलेटर हटाया गया। ये दूसरी बार है जब राजू को वैंटिलेटर सपोर्ट से हटाया गया है। इससे पहले 15 अगस्त को 1 घंटे के लिए वैंटिलेटर हटाया था। तब उन्हें बुखार आ गया था। उसके बाद फिर से उन्हें वैंटिलेटर पर रखा गया था।

बेटी बोली-पापा की हालत स्थिर

राजू श्रीवास्तव की बेटी अंतरा ने बताया कि पापा की हालत स्थिर है। उनकी तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। डॉक्टर्स उनका ट्रीटमेंट बेहतर तरीके से कर रहे हैं। उन्हें रोज नली के जरिए दूध और जूस दिया जा रहा है। न्यूरो फीजियोथेरेपी के जरिए उनके ब्रेन में ऑक्सीजन सप्लाई शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

राजू की सलामती के लिए बड़े भाई करा रहे रुद्राभिषेक

राजू के बड़े भाई सीपी श्रीवास्तव ने बताया कि वे गुडग़ांव में अपने घर पर 7 दिन से लगातार रुद्राभिषेक करा रहे हैं। राजू की सेहत में जल्द सुधार हो, इसके लिए पूरा परिवार दिन-रात प्रार्थना कर रहा है।

राजू की सेहत पहले से बेहतर : सुनील पाल

राजू की सेहत में सुधार की पुष्टि अब उनके दोस्त कॉमेडियन सुनील पाल ने भी की है। सुनील पाल के अनुसार राजू की सेहत अब पहले से काफी बेहतर है। वह पॉजिटिव साइन दे रहे हैं। बाकी सब प्रार्थनाओं पर निर्भर करता है। हमें सकारात्मक सोचना होगा।

यह भी पढ़ें : सोनाली फोगाट की मौत : मां से हुई थी आखिरी बात