श्रद्धा के साथ स्क्रीन शेयर करना बड़ी बात: अक्षरा

भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह ने अपना जन्मदिन दानापुर के नारी गुंजन बिहार महादलित विकास मिशन स्पेशल स्कूल एवं हॉस्टल में बच्चियों के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने महादलित छात्राओं के साथ केक काटा, गीत-संगीत का आनंद लिया और उनके साथ खुशनुमा पल बिताए। अक्षरा ने अपनी आने वाली फिल्म ‘ईठा’, श्रद्धा कपूर के साथ काम और बिहार की फिल्म सिटी को लेकर भी खुलकर बात की।

  • अक्षरा सिंह ने महादलित बच्चियों के साथ जन्मदिन मनाया।
  • श्रद्धा कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करने को बताया खास मौका।
  • लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में काम करने पर जताई खुशी।

Akshara Singh on Working With Shraddha Kapoor: अक्षरा सिंह ने इस बार अपना जन्मदिन किसी बड़े सेलिब्रेशन के बजाय स्कूली बच्चियों के बीच मनाया। दानापुर स्थित नारी गुंजन बिहार महादलित विकास मिशन स्पेशल स्कूल और हॉस्टल में उन्होंने बच्चियों के साथ केक काटा। इस दौरान गाने-बजाने के साथ हंसी-मजाक और बातचीत का दौर भी चला। अक्षरा ने कहा कि इन बच्चों के साथ समय बिताना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उनके मुताबिक, वे इन बच्चियों के बीच अपना जन्मदिन मनाने नहीं, बल्कि उनके साथ जिंदगी के कुछ पल जीने पहुंची थीं। कम सुविधाओं के बावजूद बच्चों की छोटी-छोटी खुशियों में उत्साह देखकर उन्हें काफी अच्छा लगा।

IVF को लेकर भी दिया संदेश

जन्मदिन के मौके पर अक्षरा सिंह ने इंदिरा आईवीएफ का भी दौरा किया। उन्होंने बताया कि वह संस्थान के 11 साल पूरे होने के अवसर पर वहां पहुंची थीं और इस खास मौके पर आमंत्रित किए जाने पर खुशी जताई। अक्षरा ने कहा कि IVF ने उन लोगों के लिए उम्मीद का रास्ता खोला है, जो माता-पिता बनने का सपना पूरा नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने लोगों से विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में सही जानकारी लेने की अपील करते हुए कहा कि उम्मीद रखने वाले लोगों को IVF जैसे विकल्पों के बारे में जरूर विचार करना चाहिए।

श्रद्धा कपूर के साथ फिल्म को लेकर उत्साहित

अक्षरा सिंह की अगली फिल्म ‘ईठा’ को लेकर भी काफी चर्चा है। फिल्म में वह श्रद्धा कपूर के साथ नजर आएंगी। इस प्रोजेक्ट को लेकर अक्षरा ने निर्देशक लक्ष्मण उतेकर के साथ काम करने को अपने लिए बड़ा अवसर बताया। उन्होंने श्रद्धा कपूर की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद प्यारी और अच्छी इंसान हैं और उनके साथ काम करने के दौरान उन्हें काफी स्नेह मिला। अक्षरा के मुताबिक, श्रद्धा के साथ स्क्रीन शेयर करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।

यह भी पढ़ें:ईरान पर फिर हमले का खतरा, मंडराए अमेरिकी ड्रोन

बिहार में फिल्म सिटी के ऐलान से उम्मीदें बढ़ीं

बिहार में फिल्म सिटी बनाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर भी अक्षरा ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि कलाकार लंबे समय से चाहते रहे हैं कि बिहार में भी शूटिंग के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। अक्षरा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में उन्होंने कई बार शूटिंग की है, लेकिन बिहार में ऐसी सुविधा की कमी महसूस होती थी। अब फिल्म सिटी को लेकर हुई घोषणा से स्थानीय कलाकारों को अपने ही राज्य में काम करने के ज्यादा अवसर मिलने की उम्मीद है।

बोलीं- बिहार की बेटी हूं, प्यार बनाए रखें

अपने आने वाले प्रोजेक्ट के बारे में अक्षरा ने बताया कि जल्द ही एक अभिनेता के साथ उनकी नई फिल्म आने वाली है। हालांकि उन्होंने प्रोजेक्ट की ज्यादा जानकारी साझा नहीं की।

Related Articles

Back to top button