तेलंगाना की बेटियों के लिए बड़ा मंच, शुरू हुआ मिस इंडिया 2027 का सफर

हैदराबाद में फेमिना मिस इंडिया तेलंगाना 2027 का आधिकारिक लॉन्च किया गया। इस पहल का लक्ष्य राज्य की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच से जोड़ना है। प्रतियोगिता के जरिए खूबसूरती के साथ तेलंगाना की संस्कृति, कला, परंपरा और आधुनिक पहचान को भी सामने लाने की तैयारी है। राज्यभर में टैलेंट हंट, ऑडिशन, ग्रूमिंग और मेंटरशिप के अवसर मिलेंगे।

  • फेमिना मिस इंडिया तेलंगाना 2027: हैदराबाद में प्रतियोगिता का आधिकारिक आगाज हुआ।
  • तेलंगाना प्रतिभाएं: राज्य के शहरों और कस्बों से युवतियों को राष्ट्रीय मंच से जोड़ने की तैयारी।
  • मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन: मेघा सर्विसेज को तीन साल के लिए एक्सक्लूसिव स्टेट लाइसेंसी नियुक्त किया गया।

Femina Miss India Telangana 2027 Launches : तेलंगाना की युवा प्रतिभाओं के लिए एक नया मंच तैयार हो गया है। हैदराबाद में फेमिना मिस इंडिया तेलंगाना 2027 का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। यह पहल मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन और मेघा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की साझेदारी में शुरू की गई है।

लॉन्च कार्यक्रम में फेमिना मिस इंडिया साउथ 2026 इंदु फाल्गुनी और फेमिना मिस इंडिया तेलंगाना 2024 प्रकृति कंबम बतौर विशेष अतिथि शामिल हुईं। दोनों ने प्रतियोगिता से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और युवा महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ इस मंच पर आगे आने के लिए प्रेरित किया।

यह भी पढ़ें : रणबीर की ‘राम’ कास्टिंग पर उठी आपत्ति

इस पहल को केवल एक ब्यूटी पेजेंट तक सीमित नहीं रखा गया है। आयोजकों की योजना तेलंगाना की कला, हथकरघा, खान-पान, त्योहारों, परंपराओं और बदलती जीवनशैली को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की है। इसके लिए टैलेंट हंट को सिर्फ हैदराबाद तक सीमित रखने के बजाय राज्य के अलग-अलग शहरों और कस्बों तक ले जाने की तैयारी है।

मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन ने मेघा सर्विसेज को तीन साल के लिए फेमिना मिस इंडिया तेलंगाना का एक्सक्लूसिव स्टेट लाइसेंसी नियुक्त किया है। चयन प्रक्रिया में आगे बढ़ने वाली प्रतिभागियों को ग्रूमिंग, मेंटरशिप और पेजेंट्री से जुड़ा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें : हर स्रोत से सीखने की सीख

आयोजकों के मुताबिक, राज्यस्तरीय ऑडिशन अक्टूबर और नवंबर 2026 में अलग-अलग चरणों में आयोजित किए जाने की योजना है। वहीं, ग्रैंड फिनाले दिसंबर में हैदराबाद में होने की संभावना है। इच्छुक प्रतिभागियों के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो चुके हैं।

इस मंच से चुनी जाने वाली प्रतिभाओं के लिए आगे बढ़ने के रास्ते सिर्फ मिस इंडिया तक सीमित नहीं होंगे। फैशन, मॉडलिंग, मनोरंजन, मीडिया और लाइफस्टाइल जैसे क्षेत्रों में भी उन्हें नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button