लाइव कॉन्सर्ट में जैस्मिन सैंडलस ने किया सगाई का बड़ा खुलासा

पंजाबी गायिका जैस्मिन सैंडलस ने गुरुग्राम में आयोजित अपने लाइव कॉन्सर्ट के दौरान प्रशंसकों को खास सरप्राइज दिया। उन्होंने पहली बार मंच से अपने मंगेतर शेखर चौधरी का परिचय कराया और सगाई की अंगूठी दिखाकर रिश्ते पर आधिकारिक मुहर लगा दी। इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस लगातार दोनों को बधाई दे रहे हैं।

  • स्मिन सैंडलस ने लाइव कॉन्सर्ट में सगाई का ऐलान किया।
  • मंच पर शेखर चौधरी को बुलाकर पहनाई गई रिंग दिखाई।
  • रोमांटिक अंदाज में दोनों ने फैंस के सामने यादगार पल साझा किए।

Jasmin Sandlas Announces Engagement During Live Concert : गुरुग्राम में आयोजित ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ के दौरान पंजाबी सिंगर जैस्मिन सैंडलस ने अपने फैंस को ऐसा सरप्राइज दिया, जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। लाइव परफॉर्मेंस के बीच उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी बड़ी खबर साझा करते हुए सगाई की आधिकारिक घोषणा कर दी।

स्टेज पर मौजूद दर्शकों से बातचीत करते हुए जैस्मिन ने अपने मंगेतर शेखर चौधरी को मंच पर बुलाया। उन्होंने मुस्कुराते हुए अपनी सगाई की अंगूठी दिखाई और कहा कि यही वह शख्स हैं जिन्होंने उन्हें यह रिंग पहनाई है। इसके बाद पूरा ऑडिटोरियम तालियों और उत्साह से गूंज उठा।

शेखर चौधरी के मंच पर पहुंचने के बाद दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया। इस दौरान जैस्मिन और शेखर ने उनके लोकप्रिय गाने ‘लावां’ पर रोमांटिक अंदाज में प्रस्तुति भी दी, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।

इस खास मौके पर जैस्मिन गोल्डन रंग के खूबसूरत कढ़ाईदार लहंगे और पारंपरिक ज्वेलरी में नजर आईं। उनके लुक ने भी फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा और सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें तेजी से साझा की जाने लगीं।

यह भी पढ़ें : 2030 तक टेक्सटाइल निर्यात में बड़ा उछाल, राजस्थान ने बनाई नई रणनीति

कॉन्सर्ट में जैस्मिन ने अपने कई सुपरहिट गानों से माहौल को संगीतमय बनाए रखा। उन्होंने ‘पंजेबा’, ‘सिप सिप’, ‘शरारत’, ‘धुरंधर’, ‘इल्लीगल वेपन’ और ‘यार ना मिले’ जैसे लोकप्रिय गीत गाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनके इंडिया टूर के अगले शो मुंबई, बेंगलुरु और चंडीगढ़ में आयोजित किए जाएंगे।

सगाई की घोषणा के बाद शेखर चौधरी को लेकर लोगों की दिलचस्पी भी बढ़ गई है। हालांकि, उनके पेशे या निजी जीवन से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

बता दें कि जालंधर में जन्मीं और अमेरिका के कैलिफोर्निया में पली-बढ़ीं जैस्मिन सैंडलस ने अपने संगीत सफर की शुरुआत ‘मुस्कान’ से की थी। बॉलीवुड में उन्हें फिल्म ‘किक’ के सुपरहिट गीत ‘यार ना मिले’ से खास पहचान मिली। इससे पहले उनका नाम पंजाबी गायक गैरी संधू के साथ भी चर्चा में रह चुका है।

Related Articles

Back to top button