शादी के 4 साल बाद कनिका कपूर का पति से अलग होने का फैसला
बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर की निजी जिंदगी से जुड़ी एक खबर सामने आई है। उन्होंने शादी के करीब चार साल बाद पति और बिजनेसमैन गौतम हाथीरमानी से अलग होने का ऐलान किया है। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कनिका ने इस फैसले की जानकारी दी और प्रशंसकों से मुश्किल दौर में उनकी निजता बनाए रखने की अपील की है।
- कनिका कपूर और गौतम हाथीरमानी शादी के चार साल बाद हुए अलग।
- दोनों ने 2022 में लंदन में निजी समारोह में शादी की थी।
- सोशल मीडिया पोस्ट में कनिका ने अलगाव की पुष्टि की, लेकिन वजह नहीं बताई।
Kanika Kapoor Announces Separation From Husband Gautam Hathiramani : बॉलीवुड की चर्चित गायिका कनिका कपूर की शादीशुदा जिंदगी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। कनिका ने अपने पति गौतम हाथीरमानी से अलग होने का फैसला किया है। दोनों ने वर्ष 2022 में लंदन में परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में शादी की थी। करीब चार साल साथ रहने के बाद अब दोनों ने अपनी राहें अलग करने का निर्णय लिया है।
कनिका ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि काफी सोच-विचार करने के बाद उन्होंने और उनके पति ने अलग होने का निर्णय लिया है। साथ बिताए समय के लिए उन्होंने आभार जताया और गौतम के भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
यह भी पढ़े : जयपुर की बेटी पिया दांडिया ने अमेरिका में रचा इतिहास, बनीं सांसद
गायिका ने अपने पोस्ट में अलगाव की वजह स्पष्ट नहीं की है। साथ ही उन्होंने परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों से इस संवेदनशील समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है। उनके इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर यह खबर चर्चा का विषय बन गई है।
गौतम हाथीरमानी से कनिका कपूर की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले गायिका बता चुकी हैं कि वह गौतम को करीब 15 साल से जानती थीं। शादी से पहले दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी। कनिका के मुताबिक, उन्होंने वर्ष 2014 में पहली बार गौतम के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद 2020 में उन्होंने दोबारा इस बारे में बात की।
अगस्त 2021 में गौतम ने कनिका को प्रपोज किया था। इसके बाद दोनों ने अपने रिश्ते को शादी में बदलने का फैसला किया और वर्ष 2022 में लंदन में विवाह किया। अब चार साल बाद दोनों के अलग होने की खबर सामने आई है।



