कृति सेनन ने विज्ञापन विवाद पर कही बड़ी बात
कृति सेनन करीना कपूर के शो ‘व्हाट वुमन वांट’ में रक्षाबंधन के उस विज्ञापन विवाद पर बात करती नजर आएंगी, जिसने सोशल मीडिया से लेकर टीवी डिबेट तक खूब सुर्खियां बटोरी थीं। जीवा के कैंपेन में कृति के पहनावे पर सवाल उठाए गए थे। अब अभिनेत्री ने बताया कि यह मामला किस तरह चर्चा का बड़ा विषय बन गया था।
- कृति सेनन ने रक्षाबंधन विज्ञापन विवाद पर अपनी बात रखी।
- जीवा विज्ञापन में कृति के पहनावे पर हुआ था विवाद।
- रक्षाबंधन विवाद की चर्चा प्राइम-टाइम टीवी तक पहुंची थी।
Kriti Sanon Breaks Silence On Ad Controversy : करीना कपूर का लोकप्रिय चैट शो ‘व्हाट वुमन वांट’ नए सीजन के साथ लौट रहा है। शो का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसमें बॉलीवुड से जुड़े कई चर्चित चेहरे नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस बार सबसे ज्यादा ध्यान कृति सेनन और मीरा राजपूत की मौजूदगी ने खींचा है।
ट्रेलर में कृति सेनन अपने पुराने रक्षाबंधन विज्ञापन विवाद पर बात करती दिखाई देती हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने जीवा के रक्षाबंधन कैंपेन का जिक्र किया और बताया कि विज्ञापन को लेकर शुरू हुई बहस धीरे-धीरे काफी बड़ा मुद्दा बन गई थी।
मामला उस समय सामने आया था, जब विज्ञापन में कृति इंडो-वेस्टर्न आउटफिट में नजर आई थीं। वह अपने भाई और पालतू कुत्ते को राखी बांधती दिखाई दी थीं। विज्ञापन जारी होने के बाद कुछ लोगों ने उनके कपड़ों को लेकर सवाल उठाए और पारंपरिक त्योहार के मौके पर उनके लुक की आलोचना की।
यह भी पढ़ें : विकसित राजस्थान@2047 के लिए प्रशासन में बड़ा बदलाव, डिजिटल तकनीक पर जोर
कृति के मुताबिक, मामला केवल सोशल मीडिया की चर्चाओं तक नहीं रुका। विवाद इतना बढ़ा कि इसकी चर्चा प्राइम-टाइम टेलीविजन पर भी होने लगी। अब अभिनेत्री शो में इसी अनुभव को लेकर खुलकर अपनी बात रखती नजर आएंगी।
उधर, ‘व्हाट वुमन वांट’ के नए सीजन में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, नीतू कपूर, भावना पांडे और महीप कपूर जैसे मेहमान भी दिखाई देंगे। ट्रेलर में मीरा राजपूत की मौजूदगी भी चर्चा में है।
मीरा पहली बार करीना कपूर के साथ शो में बातचीत करती दिखेंगी। दोनों की यह मुलाकात इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि करीना और शाहिद कपूर कभी बॉलीवुड की चर्चित जोड़ियों में रहे हैं। इससे पहले करीना ने मीरा के साथ तस्वीर साझा कर उनकी तारीफ की थी, जिसके जवाब में मीरा ने भी अभिनेत्री का आभार जताया था।



