‘हनुमान अंश’ पर फिदा हुए वरुण धवन
कम बजट में बनी 'हनुमान अंश' की बॉक्स ऑफिस सफलता के बीच वरुण धवन भी फिल्म की तारीफ करने वाले सितारों में शामिल हो गए हैं। मां करुणा धवन के साथ फिल्म देखने पहुंचे वरुण ने सोशल मीडिया पर इसे खास अनुभव बताया और दर्शकों से परिवार व दोस्तों के साथ सिनेमाघरों में फिल्म देखने की अपील की।
- हनुमान अंश देखकर वरुण धवन ने फिल्म की जमकर तारीफ की।
- वरुण धवन ने मां करुणा धवन के साथ सिनेमाघर में फिल्म देखी।
- हनुमान अंश ने करीब 2 करोड़ के बजट में 100 करोड़ से ज्यादा कमाए।
Varun Dhawan Praises Hanuman Ansh : ‘हनुमान अंश’ को लेकर दर्शकों के साथ-साथ फिल्मी सितारों की प्रतिक्रिया भी लगातार सामने आ रही है। अब अभिनेता वरुण धवन ने फिल्म का समर्थन करते हुए इसे अपने लिए बेहद खास अनुभव बताया है।
वरुण अपनी मां करुणा धवन के साथ फिल्म देखने सिनेमाघर पहुंचे। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी प्रतिक्रिया साझा की। अभिनेता ने बताया कि मां के साथ फिल्म देखना उनके लिए शानदार अनुभव रहा और उन्होंने लोगों से भी इसे परिवार और दोस्तों के साथ देखने की अपील की।
यह भी पढ़ें : नेपाल की मदद के लिए अमेरिका तैयार
वरुण ने यह भी साफ किया कि फिल्म को प्रमोट करने के लिए उनसे किसी ने संपर्क नहीं किया था। उन्होंने अपनी पसंद और अनुभव के आधार पर खुद फिल्म के बारे में बात करने का फैसला किया। उन्होंने फिल्म की टीम के साथ अभिनेता शोभिनव सत्या और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के काम की भी सराहना की।
अभिनेता ने भगवान हनुमान से अपने बचपन के जुड़ाव का जिक्र करते हुए फिल्म को सामान्य सिनेमाई अनुभव से अलग बताया। उनके मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ में उन्हें एक तरह का आध्यात्मिक और दिव्य एहसास मिला।
फिल्म की व्यावसायिक सफलता भी चर्चा में है। करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई ‘हनुमान अंश’ 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुकी है और इसकी कमाई जारी है। इससे पहले कंगना रनौत, वीरेंद्र सहवाग, मधुर भंडारकर और आदित्य धर जैसे नाम भी फिल्म को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दे चुके हैं।



