राजस्थान का हर परिवार बन रहा ‘चिरंजीवी परिवार’ -मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत

10 लाख रूपये की बीमा राशि के अलावा ऑर्गन ट्रांसप्लांट भी निःशुल्क

जयपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ निर्णय ले रही है। हमारे सम्मिलित प्रयासों से ही मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच रही है और प्रदेश का हर परिवार ‘चिरंजीवी परिवार‘ बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिरंजीवी योजना में शामिल प्रत्येक परिवार को 10 लाख रूपये के स्वास्थ्य बीमा के साथ-साथ अंग प्रत्यारोपण (आर्गन ट्रांसप्लांट), बोनमैरो ट्रांसप्लांट, कॉक्युलर इंप्लांट, ब्लड-प्लेटलेट्स-प्लाज्मा ट्रांसफ्यूजन एवं लिम्ब प्रोस्थेसिस की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। खास बात यह है कि योजना में 10 लाख रूपये की सीमा को ट्रांसप्लांट के लिए उपयोग में नहीं लिया जाता है। ट्रांसप्लांट की सारी राशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाती है। ट्रांसप्लांट की लागत चिरंजीवी योजना की वॉलेट राशि में शामिल नहीं है।

यह भी पढ़ें – राजस्थान-दिल्ली पर्यटन के सहयोग से दिल्ली हाट में शुरू हुआ तीन दिवसीय तीज मेला

गहलोत ने कहा कि चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में इस वर्ष बजट घोषणा में अंग प्रत्यारोपण (आर्गन ट्रांसप्लांट) के पैकेज शामिल करने के बाद से अब तक (गत 3 माह में) 4 बोनमैरो ट्रांसप्लांट, 58 अंग प्रत्यारोपण (हार्ट, किडनी, लीवर सहित) एवं 18 कॉक्युलर इंप्लांट सफलतापूर्वक निःशुल्क हो चुके हैं। यह इन सभी मरीजों के लिए नए जीवन के समान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान स्वास्थ्य के क्षेत्र में दुनिया के सामने एक मॉडल बन गया है। उन्होंने निरोगी राजस्थान की संकल्पना को साकार करने के लिए प्रदेशवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक लोगों को योजना की जानकारी देकर उन्हें एवं उनके परिजनों को ’चिरंजीवी परिवार’ बनाने का प्रयास किया जाए, जिससे कभी आवश्यकता पड़ने पर उन्हें शारीरिक के साथ आर्थिक परेशानी नहीं हो।