मुर्मू के निर्णय से अपार खुशी, प्रदेश में आदिवासी हमारी ताक़त- वसुन्धरा राजे

जयपुर । पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे ने कहा है कि राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू अपने क्षेत्र में शिक्षा की देवी और मां सरस्वती के समान हैं, जिन्होंने वहां बिना वेतन लिए लोगों को पढ़ाया है। महिला शिक्षा का को बढ़ावा देकर स्कूलों में बच्चियों का नामांकन बढ़ाया है। भाजपा ने उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाकर पूरी दुनिया को बता दिया है कि सच्चा लोकतंत्र है तो वह भाजपा में ही है। राजे ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताया है। वे मुर्मू के समर्थन में भाजपा द्वारा आयोजित विधायकों और सांसदों की बैठक में बोल रहीं थी।

उन्होंने कहा है कि किसी आदिवासी महिला को पहली बार देश का राष्ट्रपति बनाने का निर्णय मेरे लिए अपार ख़ुशी की बात है, क्योंकि राजस्थान में आदिवासी हमारी ताक़त है, जिनके आशीर्वाद से हमें दो बार ऐतिहासिक बहुमत मिला और दो बार हमारी पूर्ण बहुमत की सरकार बनी।

राजे ने कहा कि जो मुक़ाम मुर्मू जी को प्राप्त होने वाला है,वह आसान नहीं है। खासकर महिलाओं के लिए तो इतनी ऊंचाइयों पर पहुंचना मुश्किल होता है, पर इसे भाजपा ने संभव कर दिखाया है। क्योंकि भाजपा सही मायने में नेताओं की नहीं कार्यकर्ताओं की पार्टी है।