किसान आंदोलन : किसानों ने ट्रैक्टर परेड रैली को किसान गणतंत्र परेड का नाम दिया

किसान संगठनों ने दावा किया है कि 26 जनवरी को किसान परेड के लिए दिल्ली पुलिस ने मंजूरी दे दी है। किसानों ने इसे किसान गणतंत्र परेड का नाम दिया है। उनका कहना है कि प्रदर्शनकारी ट्रैक्टरों पर सवार होकर 5 अलग-अलग रास्तों से दिल्ली में दाखिल होंगे और इस दौरान करीब 100 किलोमीटर का रास्ता तय करेंगे।

हालांकि, पुलिस ने कहा कि बातचीत अभी आखिरी दौर में है। किसानों ने ट्रैक्टर परेड का रूट लिखित में नहीं दिया है, जब वो हमें रूट बताएंगे, तब हम फैसला लेंगे।

दिल्ली पुलिस ने सिंघु बॉर्डर से खरखौदा टोल प्लाजा का रूट परेड के लिए ऑफर किया था। यह रूट 63 किलोमीटर का है। किसान संगठनों ने तभी कहा था कि वो 100 किमी तक ट्रैक्टर परेड निकालना चाहते हैं।

आंदोलन से जुड़े स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने शनिवार को ही कहा था कि दिल्ली पुलिस और किसानों की बातचीत नतीजे पर पहुंच चुकी है। 26 जनवरी को पुलिस बैरीकेड्स खोल देगी और हम लोग दिल्ली में दाखिल होंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस रैली का फाइनल रूट रविवार को जारी किया जाएगा।

यह भी पढ़ें-असम को घुसपैठ, भ्रष्टाचार और आतंकवाद मुक्त केवल मोदी सरकार ही बना सकती है : शाह