कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठन आज देशभर में कर रहे चक्काजाम

कृषि कानूनों का विरोध कर रहे 40 किसान संगठन आज देशभर में चक्काजाम कर रहे हैं। राजस्थान-हरियाणा के बीच शाहजहांपुर बॉर्डर पर जाम लगा दिया है। पंजाब में अमृतसर और मोहाली में किसान गाडिय़ों को रोकने के लिए सड़कों पर बैठ गए हैं। उधर, जम्मू-पठानकोट हाईवे पर भी किसानों ने गाडिय़ों की आवाजाही रोक दी है।

12 बजे से शुरू हुआ यह जाम 3 बजे तक लगाया जाएगा। इससे पहले ही दिल्ली में एहतियातन 10 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए। इनमें मंडी हाउस, आईटीओ, दिल्ली गेट, विश्वविद्यालय, खान मार्केट, नेहरू प्लेस, लाल किला, जामा मस्जिद, जनपथ और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। यहां कुल 285 मेट्रो स्टेशन हैं।

किसान संगठनों का दावा है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा। जरूरी सेवाओं जैसे एंबुलेंस, स्कूल बस को नहीं रोका जाएगा। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को इस जाम से अलग रखा गया है।

इस पर भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि दिल्ली में तो हर दिन जाम जैसे हालात रहते हैं, ऐसे में यहां जाम की क्या जरूरत है। हालांकि, उन्होंने यूपी और उत्तराखंड को इससे अलग रखने की वजह नहीं बताई। यह जरूर कहा कि इन दोनों राज्यों से किसानों को स्टैंडबाई पर रखा गया है और उन्हें किसी भी वक्त बुलाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें-बंगाल पहुंचे नड्डा, कहा-ममता दीदी ने अपने राज्य में किसानों के साथ अन्याय किया