राजस्थान में सबसे ठंडे माने जाने वाले फतेहपुर में इतिहास की सबसे ठंडी रात रही, न्यूनतम तापमान माइनस 5.2 डिग्री दर्ज किया गया

प्रदेश में सबसे ठंडे माने जाने वाले फतेहपुर में इतिहास की सबसे ठंडी रात रही। न्यूनतम तापमान माइनस 5.2 डिग्री दर्ज किया गया। ये अब तक का सबसे न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड है। इससे पहले साल 2014 में 30 दिसंबर को यहां तापमान माइनस 4.6 डिग्री दर्ज किया गया था।

पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के चलते लगातार तीसरे दिन भी फतेहपुर में न्यूनतम तापमान माइनस में रहने के साथ ही शीतलहर के चलते लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। दूसरे दिन भी खुले स्थानों पर तालाब, खेतों में पाइप के अंदर पानी जम गया।

कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर के बाबूलाल कुमावत ने बताया कि केंद्र पर रविवार को रिकॉर्ड न्यूनतम तापमान माइनस 5.2 डिग्री दर्ज किया गया है। जो अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। फतेहपुर में लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। फिलहाल एक-दो दिन इलाके में हल्की बूंदाबांदी और घने कोहरे जैसी स्थिति होने की भी संभावना है।

कृषि विशेषज्ञ प्रदीप सामोता ने बताया कि तापमान में कमी आने के साथ ही फसलों और सब्जियों में नुकसान होना शुरू हो जाता है। पिछले 2 दिनों के दौरान पड़ी तेज सर्दी के चलते जिले में कई स्थानों पर टमाटर जैसी फसलों का नुकसान भी हुआ है।

यह भी पढ़ें-आयुष मंत्री ने ली विभाग व राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय की बैठक