राजस्थान में फतेहपुर कस्बा रहा सबसे ठंडा क्षेत्र, न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

राजस्थान में बीते 2 दिन से तापमान लगातार गिरता जा रहा है। सीकर जिले का फतेहपुर कस्बा आज सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। जहां न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान पहाड़ी क्षेत्र हिमाचल के कुल्लू, मनाली से भी कम रहा।

कुल्लू में न्यूनतम तापमान 2 और मनाली में 3 डिग्री सेल्सियस है। वहीं, रेगिस्तानी इलाके जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर में भी सर्दी ने आज से अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिया। अजमेर, जोधपुर, जैसलमेर समेत कई शहरों में आज न्यूनतम तापमान में 1 से लेकर 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई है।

जयपुर मौसम केन्द्र से मिली रिपोर्ट को देखें तो प्रदेश के सभी शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। वहीं, सीकर, चूरू, झुंझुनूं, नागौर, हनुमानगढ़ जिलों में रात में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। शेखावाटी अंचल में तेज सर्दी के साथ हल्की गति से चली सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दी।

शेखावाटी में सर्दी बढऩे से जहां लोगों के आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है, वही अब किसानों को चिंता बढऩे लगी है। एग्रीकल्चर कॉलेज फतेहपुर के डीन प्रोफेसर शीशराम ढाका की माने तो ज्यादा सर्दी पडऩे से फसलों की ग्रोथ की स्पीड कम हो जाती है। इससे किसानों को नुकसान होता है। वहीं, अगर पारा माइनस में चला जाता है तो फसलों को पाला पडऩे की आशंका बढ़ जाती है।

यह भी पढ़ें-यह है मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नया मंत्रिमंडल, जानिए किसको मिला कौनसा विभाग