लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के पिता का निधन

निधन की खबर सुनकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर शोक जताया

कोटा। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के पिता श्रीकृष्ण बिरला का मंगलवार देर रात निधन हो गया। जो एक समाजसेवी और सहकार नेता थे। 91 वर्ष की उम्र में उनका निधन हुआ। बुधवार सुबह श्रीकृष्ण बिरला को बेटे राजेश बिरला और ओम बिरला ने मुखाग्नि दी। निधन की खबर सुनकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर शोक जताया।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला इस दौरान कोटा दौरे पर थे। पिता के निधन की खबर सुनकर उनके सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। वहीं, अंतिम संस्कार में भाजपा के कई बड़े नेता पहुंचे। साथ ही पुलिस अधिकारी भी पहुंचे।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लिखा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला जी के पिता कृष्ण बिड़ला जी के निधन पर मेरी हार्दिक संवेदना। भगवान इस नुकसान को सहन करने की शक्ति परिवार के सदस्यों को दे। उनकी आत्मा को शांति मिले

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने लिखा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जी के पिताजी श्रीकृष्ण बिरला जी के निधन का समाचार सुनकर बेहद दुख हुआ। वह एक समर्पित समाजसेवी थे एवं सहकारिता क्षेत्र में उन्हें पितामाह के रूप में पहचाना जाता था। मैं इस कठिन समय में समस्त परिवार हेतु धैर्य एवं शक्ति की प्रार्थना करता हूं।

उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने लिखा कि माननीय लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला जी के पूज्य पिताजी श्री कृष्ण बिरला जी के निधन का समाचार बेहद दु:खद है। दु:ख की इस कठिन परिस्थिति में श्री ओम बिरला जी एवं अन्य परिजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।

यह भी पढ़ें-बाबरी केस में सभी 32 आरोपी बरी, जज बोले- बाबरी की घटना अचानक हुई थी