दुनिया में कोरोना से मौतों का आंकड़ा 7 लाख के पार पहुंचा

दुनियाभर में अब तक 7.04 लाख मौतें हुईं, 1.19 करोड़ लोग ठीक हुए

वॉशिंगटन। दुनिया में कोरोना वायरस के संक्रमण से अब तक 1 करोड़ 86 लाख 97 हजार 917 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 19 लाख 13 हजार 908 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। 7 लाख 4 हजार 932 की मौत हो चुकी है। रॉयटर्स के मुताबिक, दुनिया में हर 15 सेकंड में संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हो रही है।

हर 1 घंटे में 247 और 24 घंटे में करीब 5 हजार 900 लोगों की जान जा रही है। अमेरिका, ब्राजील, भारत और मैक्सिको में संक्रमण के मामले सबसे तेजी बढ़ रहे हैं। अमेरिका और लैटिन अमेरिकी देश इसके नए एपिसेंटर बन कर उभरे हैं। इनमें ब्राजील और मैक्सिको सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। ब्राजील में अब तक 28 लाख से ज्यादा और मैक्सिको में 4 लाख से ज्यादा संक्रमित मिले हैं।

महामारी से 100 करोड़ बच्चों की पढ़ाई प्रभावित – यूएन

संयुक्त राष्ट्र के सेक्रेटरी जनरल एंटोनियो गुटेरेस ने मंगलवार को कहा कि महामारी बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि जुलाई से ही दुनिया के 160 देशों में स्कूल बंद हैं। इससे 100 करोड़ स्कूल जाने वाले बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है। 4 करोड़ से ज्यादा बच्चे अपनी स्कूली पढ़ाई शुरू नहीं कर सके हैं। बच्चों को स्कूल तक सुरक्षित वापस लाना हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।

रूस – बिजनेस ट्रिप पर आने वालों को वीजा फ्री इंट्री

रूस ने कम समय के लिए बिजनेस ट्रिप पर आने वाले दूसरे देशों के लोगों को वीजा फ्री इंट्री देगा। प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तिन ने मंगलवार को इससे जुड़े आदेश पर साइन किया। रूस में सिर्फ डिप्लोमैटिक या सर्विस पासपोर्ट पर आने वाले लोगों को ही वीजा फ्री इंट्री दिया जाता रहा है। यह पहली बार है जब सरकार ने इससे इतर किसी को यह सहूलियत दी है। रूस में फिलहाल 86 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं और 14 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।

यह भी पढ़ें-पाकिस्तान ने विवादित नक्शा जारी किया, गुजरात के जूनागढ़ और सर क्रीक को पाकिस्तान का हिस्सा बताया

ब्राजील – कैबिनेट मंत्री संक्रमित हुए

ब्राजील के कैबिनेट मिनिस्टर जॉर्ज ओलिवेरा संक्रमित मिले हैं। उनके ऑफिस ने मंगलवार को इस बात की जानकारी। ओलिवेरा ठीक होने तक आइसोलेशन में रहेंगे और अपने घर से ही काम करेंगे। ब्राजील में किसी मंत्री के संक्रमित होने का यह आठवां मामला है। इससे पहले यहां के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो और उनकी पत्नी मिशेल की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। यहां पर अब तक 20 लाख से ज्यादा मामले आए हैं और 94 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।

ऑस्ट्रेलिया – क्वीन्सलैंड राज्य का बॉर्डर सील होगा

ऑस्ट्रेलिया के क्वीन्सलैंड राज्य ने न्यू साउथ वेल्स से अपनी बॉर्डर सील करने का फैसला किया है। इस दौरान किसी को भी राज्य में न आने की अपील की गई है। इसके बावजूद आने वालों को क्वारैंटाइन कर दिया जाएगा। नया नियम शनिवार से लागू होगा। क्वीन्सलैंड के प्रिमियर एनास्तासिया पालाजुक ने बुधवार सुबह इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बॉर्डर से लगातार आने वाले लोगों की वजह से संक्रमण के मामले में तेजी देखी जा रही है। इसे रोकने के लिए हम यह कदम उठा रहे हैं।

जापान – 1240 नए मामले सामने आए

जापान में बीते 24 घंटे में संक्रमण के 1240 नए मामले सामने आए और 6 मौतें हुईं। इसके साथ ही देश में संक्रमण का आंकड़ा 41 हजार 841 हो गया है। बीते 8 दिनों से जापान की राजधानी टोक्यो में हर दिन 200 से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। टोक्यो के अलावा ओसाका शहर में भी मामले बड़े हैं। मई और जून महीने में जापान में हर दिन बस से 20 से 60 मामले ही सामने आते थे। हालांकि 30 जून के बाद से हर रोज 100 से ज्यादा मामले सामने आने लगे।

जर्मनी – तुर्की के चार इलाकों से यात्रा को मंजूरी

जर्मनी ने मंगलवार को यात्रा पाबंदियों में नई रियायतों का ऐलान किया। नए नियमों के मुताबिक, तुर्की के चार इलाके के लोग अब देश में आ सकेंगे। इनमें अंटाल्या, इजमिर, अयदिन और मुगला शामिल हैं। सरकार के प्रवक्ता उलरिक डेमर ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तुर्की ने इन चार इलाकों के लिए टूरिज्म ओर हाइजीन से जुड़े नए दिशानिर्देश बनाए हैं। इसे देखते हुए इन इलाके के लोगों को देश में आने की मंजूरी दी गई है।