किसान आंदोलन : हरियाणा सीएम खट्टर के कार्यक्रम में खलल डालने वाले 900 लोगों पर एफआईआर

किसान आंदोलन का आज 47वां दिन है। हरियाणा पुलिस ने करनाल में मनोहरलाल खट्टर के कार्यक्रम में खलल डालने के मामले में भारतीय किसान यूनियन (BKU) के गुरनाम सिंह चढूनी समेत 900 लोगों पर FIR दर्ज की है। करनाल में खट्टर के कार्यक्रम के लिए बना मंच रविवार को भीड़ ने तहस-नहस कर दिया था। साथ ही हेलीपैड भी खोद दिया था।

इधर, गुरनाम सिंह चढूनी का कहना है, ‘हां, हमने खट्टर साहब को रैली करने से रोका। भाजपा ने कहा था कि किसान आंदोलन को तोड़ने के लिए 700 रैलियां की जाएंगी। हम ऐसी रैलियों का विरोध करते रहेंगे।’

किसानों ने खट्टर का हेलीकॉप्टर नहीं उतरने दिया था

खट्टर रविवार को करनाल जिले के कैमला गांव में किसान महापंचायत करने वाले थे। CM वहां पहुंचते उससे पहले कृषि कानूनों का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी पहुंच गए और काले झंडे लहराते हुए नारेबाजी करने लगे। उन्होंने मंच पर भी तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने CM के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए बने हेलीपैड को भी खोद दिया, इस वजह से खट्टर का हेलीकॉप्टर लैंड नहीं कर सका था।

खट्टर ने चढूनी पर किसानों को भड़काने का आरोप लगाया था

दिनभर के हंगामे के बाद रविवार शाम को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस पर कड़ी टिप्पणी की था। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस की साजिश बताया था। साथ ही किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी पर किसानों को भड़काने का आरोप लगाया था।

जाह्नवी कपूर की फिल्म की शूटिंग रोकी

पंजाब के बस्सी पठानां में बॉलीवुड कलाकारों को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। यहां अभिनेत्री जाह्नवी कपूर की फिल्म ‘गुड लक जैरी’ की शूटिंग आंदोलनकारियों ने रोक दी। शूटिंग के लिए जाह्नवी भी पहुंची हुई थीं। इस घटना के बाद फिल्म की यूनिट की तरफ से किसानों के संतुष्ट नहीं होने तक फिल्म का काम नहीं करने का भरोसा दिया गया। साथ ही जाह्नवी कपूर ने किसानों के पक्ष में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर स्टेटस डाला, तब कहीं जाकर शूटिंग का काम फिर से शुरू हो पाया।