वॉशिंगटन में गोलीबारी, 1 व्यक्ति की मौत, 6 घायल

वॉशिंगटन

वॉशिंगटन के रेंटन सिटी के सिएटल उपनगर में हुई घटना

वॉशिंगटन। अमेरिका के वॉशिंगटन में फायरिंग का मामला सामने आया है। वॉशिंगटन में अचानक हुए इस हमले में 1 व्यक्ति की मौत हो गई है। 6 लोग घायल हो गए। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार रेंटन सिटी के सिएटल उपनगर में शूटिंग की यह वारदात हुई। पुलिस अधिकारी सैंड्रा हैवलिक ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि एक छोटे से मामूली विवाद को लेकर फायरिंग की यह घटना हुई। इस मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है। गन वायलेंस आर्काइव के मुताबिक, इस साल पूरे अमेरिका में 302 मास शूटिंग हुई हैं।

पहले भी हो चुकी फायरिंग, 15 साल के बच्चे की हुई थी मौत

अमेरिका में आए दिन इस तरह की फायरिंग की घटनाएं हो रही हैं। यहां हाल ही एक और घटना हुई थी। यह घटना राजधानी वॉशिंगटन डीसी में हुई। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक वाशिंगटन डीसी में चौराहे पर एक म्यूजिकल प्रोग्राम के दौरान पुलिस अधिकारी सहित कई लोगों को गोली मार दी गई। मीडिया का कहना है कि प्रोग्राम की साइट पर या उसके पास गोली चलाने की वारदात हुई। फायरिंग में 15 साल के एक लड़के की मौत हो गई, जबकि पुलिस अफसर समेत 3 लोग घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना भी आपसी विवाद की वजह से हुई। अभी तक हमलावर की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

बढ़ रहा है हेट क्राइम

अमेरिका के वॉशिंगटन में नस्ल, मूल, वंश, धर्म, लिंग पूर्वाग्रह को लेकर 2020 से हेट क्राइम बढ़ गया है। हेट क्राइम और गन कल्चर पर चिंता दशकों से है, लेकिन घटनाएं बढ़ ही रहीं। जब खुद अमेरिका कोविड से परेशान था, तब हेट क्राइम में तेज उछाल आया।

यह भी पढ़ें…शिंजो आबे की राजकीय सम्मान से अंत्येष्टि 27 सितंबर को, जानें… ऐसा क्यों?