जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे का निधन

भारत में कल राष्ट्रीय शोक

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का शुक्रवार को निधन हो गया। आबे पर आज सुबह ही हमला हुआ था। यह हमला उस वक्त हुआ जब नारा शहर में शिंजो आबे भाषण दे रहे थे। हमलावर ने पीछे से उन पर दो गोलियां दागीं, जिसके बाद शिंजो आबे जमीन पर गिर पड़े और उनके शरीर से खून बहता दिखाई दिया।

भारत में कल राष्ट्रीय शोक


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि शिंजो आबे के प्रति हमारे दिल में गहरा सम्मान है, इसलिए कल भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा।

पीएम मोदी ने जताया दुख


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिंजो आबे के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता, प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

घटना का नया वीडियो आया सामने


जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को गोली मारने का नया वीडियो सामने आया है। इसमें हमलावर आबे पर पीछे से गोली चलाता दिखता है। इसके बाद धुआं ही धुआं दिखाई देता है।
हमलावर ने कबूल की हत्या के प्रयास की बात
जापानी मीडिया के हवाले से सामने आई खबर के मुताबिक, शिंजो आबे पर हमले के आरोपी ने अपराध कबूल लिया है। उसने कहा है कि वह आबे की हत्या करना चाहता था। क्योंकि, वह उनसे असंतुष्ट था।

मनमोहन सिंह ने की शिंजो आबे पर हुए हमले की निंदा


पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी शिंजो आबे पर हुए हमले की निंदा की है।

यह भी पढ़ें : जापान की 11 कंपनियां राजस्थान में करेंगी 133 करोड़ रुपए का निवेश : सीएम