भाजपा चिट्ठी विवाद : पूर्व मंत्री जोगेश्वर गर्ग को भाजपा विधायक दल का सचेतक बनाया गया

भाजपा में चिट्ठी विवाद और खेमेबंदी की लड़ाई के बीच सवा दो साल बाद आखिरकार विधानसभा में विधायक दल के सचेतक की नियुक्ति कर दी है। जालौर से विधायक और पूर्व मंत्री जोगेश्वर गर्ग को भाजपा विधायक दल का सचेतक बनाया गया है। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया की चि_ी पहुंचने के बाद विधानसभा सचिवालय ने गर्ग को भाजपा विधायक दल का सचेतक बनाने संबंधी बुलेटिन जारी कर दिया है।

जोगेश्वर गर्ग चार बार के विधायक हैं और शुरू से ही आरएसएस से जुड़े रहे हैं। जोगेश्वर गर्ग 1990 में पहली बार विधायक बने थे। भैरोसिंह शेखावत सरकार में उस वक्त उन्हें आयुर्वेद राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया था। गर्ग 1990 से 1992, 1993 से 1998, 2003 से 2008 और अब 2018 से विधायक हैं।

भाजपा में वसुंधरा राजे खेमे के 20 विधायकों ने चि_ी लिखकर सदन में बोलने का मौका देने में भेदभाव का आरोप लगाया था। इसके बाद विधायक दल की बैठक में वसुंधरा राजे के खेमे के वरिष्ठ नेता कैलाश मेघवाल ने सवा दो साल से विधायक दल के सचेतक की नियुक्ति नहीं होने पर सवाल उठाए थे। अब भाजपा ने जोगेश्वर गर्ग को सचेतक नियुक्त कर दिया है। गर्ग के सामने अब सदन में सभी खेमों को साथ लेकर चलने की चुनौती होगी।

यह भी पढ़ें- ड्रग्स मामला : भाजपा नेता पामेला के बाद अब स्वीटी भी हुई गिरफ्तार