कोरोना पर आस्था भारी : गणेशजी की फूलबंगला झांकी सजाई, दर्शन के लिए भक्त उमड़े, मोदकों का लगाया भोग

दौसा। गणेश चतुर्थी पर शुक्रवार को जिलेभर में भगवान विघ्नहर्ता की पूजा हुई। प्रथम पूज्य गणेशजी को लोगों ने मोदकों का भोग लगाया। मंदिरों में झांकियां सजाई गई, जहां सुबह से लेकर देर रात तक दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा।

जिला मुख्यालय पर सिद्धि विनायक मंदिर में गणेशजी की फूल बंगला झांकी सजाई व ढाई क्विंटल मोदकों का भोग लगाया। सुबह मंगला आरती से ही झांकी के दर्शनों के लिए भक्तों की कतार लगी रही। कोरोना के कारण इस बार मंदिर पर मेले का आयोजन नहीं किया गया और विशेष आरती व भजन संध्या भी नहीं हुई। लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ दर्शनों का आग्रह किया गया। लेकिन कोरोना पर आस्था भारी दिखाई दी। मंदिर में दिनभर लोगों का दर्शनों के लिए तांता लगा रहा।

संध्या आरती पुजारियों ने ही की, वहीं लोगों को मंदिर में प्रवेश भी नहीं दिया गया। इसके बावजूद आरती के दर्शनों के लिए भक्तों की कतार लगी रही। मंदिर प्रबंधन ने भक्तों को दर्शन कराकर रवाना किया। इसी तरह बैजनाथ मंदिर में भी गणेशजी के दर्शन व पूजन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। बालकों को मंदिरों में ले जाकर डंडों का पूजन कराया गया। गुड़ धाणी का प्रसाद चढ़ाया गया। ससुराल व ननिहाल से नव विवाहित और नवजात के लिए त्योहार पर उपहार भेजे गए। घरों में चूरमा दाल बांटी व मोदक बनाए गए।

गढ़हिम्मतसिंह में धूमधाम से मनाई गणेश चतुर्थी, सजी अनेक झांकियां

मंडावर। ग्राम गढ़हिम्मतसिंह में शुक्रवार को गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। गणेश चतुर्थी को लेकर श्री गणेश सेवा समिति के तत्वावधान में धूमधाम से गणेश जी महाराज की शोभायात्रा निकाली गई। कमेटी अध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया।कार्यक्रम की सरपंच गुड्डी देवी मीणा ने दीप प्रज्वलित व ध्वज पूजन कर शुरुआत की।

उसके बाद शिव भोले की सजीव झांकी व भोले अगोरी, गणेश जी की प्रतिमा के साथ नगर की परिक्रमा आयोजित की। शोभायात्रा गढ़हिम्मतसिंह के प्रमुख रास्तों व बाजार में होकर गुजरी। वहीं रात्रि जागरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अनेक स्थानों से आए गायक कलाकारों ने शिरकत कर अनेक भजनों की प्रस्तुति दी। पंचायत समिति सदस्य अनिता सैनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सोहनलाल सैनी, बद्री प्रसाद सैनी, पूर्व प्रधानाध्यापक रामेश्वर मीणा, रामभरोसी शर्मा, सतीश, अशोक शर्मा, समाजसेवी महेंद्र खडोलिया, प्रकाश सैनी, भोला सैनी, पिंटू सैनी आदि मौजूद रहे।

घर-घर पूजे विघ्न विनाशक भगवान गणेश, गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

लालसोट। उपखंड मुख्यालय सहित समूचे क्षेत्र में शुक्रवार को विघ्न विनाशक तथा सिद्धिविनायक भगवान गणेश की घर-घर पूजा हुई। रामगढ़ पचवारा, राहुवास तहसील क्षेत्र में भी भगवान गणेश की घर-घर पूजा हुई तथा लोगों ने कोरोना संक्रमण से मुक्त करने तथा परिवार में कुशल मंगल की कामना को लेकर प्रार्थना की।

जय गणेश जय गणेश जय गणेश देवा माता जाकी पार्वती पिता महादेवा… के उच्चारण प्रत्येक हिंदू घर में होता हुआ नजर आया। लोगों ने विघ्न विनाशक गणेश जी महाराज की पूजा कर देश प्रदेश तथा अपने परिवार में खुशहाली व सुख शांति की प्रार्थना की। गणेश धाम रालावास, उपखंड मुख्यालय पर जगदंबा कॉलोनी स्थित गणेश मंदिर, खोहरा पाड़ा के सिद्धिविनायक आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं ने कोविड गाइडलाइन की पालना करते हुए भगवान गणेश के दर्शन किए तथा मनौतियां मांगी।

हालांकि प्रशासन ने मेलों के आयोजन पर रोक लगा दी मगर श्रद्धा के आगे कोरोना गाइड लाइन की अनदेखी हुई। रामगढ़ पचवारा सीताराम मंदिर से झंडा पूजन कर पदयात्रा गणेश के जयकारे के साथ गणेश मंदिर नले वाले बालाजी पहुंची। इस दौरान गोपी बढ़ाया, दीनदयाल, राम हलवाई, अशोक खाड़ा, कमलेश आदि मौजूद थे।

गणेश जी का अभिषेक किया, हवन यज्ञ

बांदीकुई। गणेश चतुर्थी के पर्व पर शुक्रवार को शहर के गणेश मंदिर में पूजा अर्चना हुई। इस दौरान दिव्यानंद महाराज के सानिध्य में सुबह गणेशजी महाराज का अभिषेक हुआ।

इसके बाद हवन यज्ञ हुआ। पार्षद नीरज रावत, श्यामभाई खंडेलवाल, मुन्नी देवी शर्मा आदि ने आहुतियां दी। प्रशासन ने मेले पर रोक लगा दी थी लेकिन मंदिर में दर्शनों के लिए श्रद्वालु आए जिन्हे सोशल डिस्टेसिंग के साथ दर्शनों के लिए अंदर भेजा।

यह भी पढ़ें-टोक्यो पैरालंपिक में कांस्य विजेता सुंदर गुर्जर का स्वागत