क्राइस्टचर्च मस्जिद हमले में बड़ा खुलासा, आरोपी भारत में तीन महीने रूका था

क्राइस्टचर्च। न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च शहर की दो मस्जिदों में पिछले साल हुए हमले को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। इस हमले को अंजाम देने वाला ऑस्ट्रेलियाई मूल के ब्रेंटन टैरेंट ने भारत सहित दुनियाभर की यात्रा की। उसने भारत में करीब तीन महीने गुजारे थे। इस भयावह गोलीबारी को लेकर जारी की गई एक विस्तृत रिपोर्ट में यह खुलासा किया गया है। 

गौरतलब है कि 15 मार्च, 2019 को ब्रेंटन टैरेंट ने क्राइस्टचर्च की दो मस्जिदों पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी, जिसमें नमाज पढऩे आए 51 नमाजियों की मौत हो गई थी। इनमें पांच भारतीय भी शामिल थे।

इस हमले में न्यूजीलैंड दौरे पर पहुंचे बांग्लादेशी क्रिकेट टीम के कुछ खिलाड़ी बाल-बाल बचे थे। ये खिलाड़ी गोलीबारी से कुछ देर पहले ही नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकल आए थे। इस हमले में दर्जनों लोग घायल हुए थे। गोलीबारी ने न्यूजीलैंड को हिलाकर रख दिया था, क्योंकि इसकी गिनती दुनिया के सबसे शांतिपूर्ण देशों के रूप में होती है। 

पिता के पैसों से घूमने निकला

इसमें कहा गया है कि हमलावर ने जिम की नौकरी छोडऩे के बाद कभी काम नहीं किया। इसकी जगह, उसने अपने पिता से मिले पैसे और इन पैसों को निवेश करने के बाद प्राप्त हुई राशि से घूमना शुरू किया। 2013 में उसने पूरा न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया घूमा और फिर 2014 से 2017 के बीच उसने दुनिया की बाकी जगहों का दौरा किया। 

सबसे ज्यादा वक्त भारत में रहा

18 महीनों की कड़ी मेहनत के बाद तैयार हुई जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि इसने किसी देश में अगर सबसे अधिक समय तक वक्त गुजारा तो वो भारत था। जहां इसने 21 नवंबर, 2015 से 18 फरवरी, 2016 तक का वक्त गुजारा। हालांकि, इस रिपोर्ट में इस बात की जानकारी नहीं है कि टैरेंट ने अपने करीब तीन महीने के दौरे के दौरान क्या किया।