जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी का दौर जारी, उत्तर भारत में फिर बढ़ी ठंड

देश के उत्तरी हिस्से में सर्दी का सितम जारी है। जम्मू-कश्मीर में पिछले एक हफ्ते से भारी बर्फबारी जारी है। यहां 24 घंटे में 6 फीट तक बर्फ गिर चुकी है। बर्फ के वजन से घरों की छतें तक गिरने लगी हैं। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर बर्फ की मोटी परत जम गई है। इसके चलते हाईवे पर शुक्रवार को पांचवें दिन भी यातायात ठप रहा।

इधर, अरब सागर के दक्षिण पूर्व हिस्से में बने चक्रवात का असर देश के अधिकतर हिस्से में दिख रहा है। राजस्थान में शुक्रवार को पूरे दिन कोहरा छाया रहा। यहां रविवार से शीतलहर चलने का अनुमान है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी पारा गिरेगा। हरियाणा और बिहार में भी मकर संक्रांति से पहले अच्छी ठंड पडऩे की उम्मीद है।

जयपुर में दिन भर कोहरा-शीतलहर

राजस्थान की राजधानी जयपुर में कोहरे के चलते सूर्योदय-सूर्यास्त का अंतर ही मिट गया। हवा में नमी का लेवल 100 प्रतिशत रहा। बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं से गलन का अहसास रहा। शाम होने के बाद सर्दी और बढ़ गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे बादल छाए रहने के आसार हैं। रविवार से शीतलहर चलने पर रात का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान लगाया गया है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को दिन का पारा 5 डिग्री लुढ़ककर 16.4 डिग्री हो गया। यह सामान्य से 6 डिग्री कम रहा।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रात से रुक-रुककर हुई बारिश

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार रात से रुक-रुककर बारिश होती रही। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन कोहरा छाया रहा। सुबह 6:30 से 8 बजे तक विजिबिलिटी 600 से 800 मीटर रही। रात के तापमान में 1.4 डिग्री इजाफा हुआ।

यह सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा 15.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, दिन का तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरा और बादल छाए रहने के बावजूद दिन के तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट हुई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, रविवार से ठंड बढ़ेगी। पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में भी अगले दो दिन में ठंड बढऩे के आसार हैं।

यह भी पढ़ें-हिंसा के बाद एक्शन : ट्विटर ने डोनाल्ड ट्रम्प के पर्सनल अकाउंट को बैन किया