आज मिलेगा देश को नया राष्ट्रपति, देखें कौन होंगे

राष्ट्रपति चुनाव

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद की जगह लेगा विजेता उम्मीदवार

नई दिल्ली। देश को आज 15वें नए राष्ट्रपति मिल जाएंगे। चुनाव के नतीजे आज आ जाएंगे। सुबह 11 बजे संसद भवन में मतगणना शुरू होगी। शाम तक इसके नतीजे आने की संभावना है। आज का विजेता राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद की जगह लेगा। कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। ऐसे में 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण समारोह होगा। एनडीए की ओर से द्रौपदी मुर्मू, जबकि विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं। मुर्मू की जीत लगभग तय है। यदि वे जीत हासिल करती हैं, तो देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी। एनडीए कैंडिडेट के पास स्पष्ट बढ़त है। चुनाव आयोग के अनुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव हुआ। 4,796 मतदाताओं में से 99 प्रतिशत से अधिक ने चुनाव में वोट डाले, जबकि 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 100 प्रतिशत मतदान हुआ।

जीत के लिए चाहिए वोट

कुल वैध वोटों की वैल्यू में से जीत के लिए आधे से अधिक वोट हासिल करना जरूरी है। इसे कोटा कहा जाता है। इसे इस तरह समझें… हर इलेक्टर ने वोट डाला है और हर वोट वैध है। ऐसे में सांसदों के वोट की कुल वैल्यू 5,43,200 और विधायकों के वोट की वैल्यू 5,43,231 है। इन दोनों का योग 10,86,431 होगा। जीत के लिए आधे से अधिक यानी 5,43,216 वोट चाहिए।

ऐसे होती है काउंटिंग

पहले राउंड में केवल पहली पसंद की मार्किंग वाले बैलेट की गिनती होती है। अगर किसी कैंडिडेट को पहले राउंड में ही तय वेटेज मिल जाता है तो वह विजेता घोषित कर दिया जाता है। अगर पहले राउंड में किसी कैंडिडेट को तय कोटा नहीं मिलता तो दूसरे राउंड की काउंटिंग होती है। दूसरे राउंड में सबसे कम वोट पाने वाला कैंडिडेट रेस से बाहर हो जाता है और उसके वोट अन्य कैंडिडेट को ट्रांसफर कर दिए जाते हैं। यानी ये वोट हर बैलेट में सेकेंड प्रेफरेंस मार्किंग वाले कैंडिडेट के वोट में जोड़ दिए जाते हैं। ये प्रक्रिया तब तक चलती रहती है, जब तक कि सिर्फ एक कैंडिडेट नहीं बचता।

यह भी देखें…गतिरोध के पांच साल बाद डोकलाम के पास चीन ने बसाया नया गांव ‘पंगडा’