BBC के ऑफिस पर आयकर विभाग का सर्च ऑपरेशन

BBC Delhi Office

नई दिल्ली। बीबीसी के दिल्ली ऑफिस पर आयकर विभाग ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। जानकारी के मुताबिक, आईटी की 60 से 70 लोगों की टीम इस ऑपरेशन में शामिल है। आईटी टीम बीबीसी ऑफिस में रखे गए रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है। एक्शन के दौरान स्टाफ के फोन बंद करा दिए गए हैं। साथ ही किसी को परिसर में आने-जाने से रोक दिया गया है।जानकार सूत्रों के मुताबिक सभी कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए हैं। कर्मचारियों को घर जाने के लिए बोल दिया है। इस कार्रवाई के बारे में लंदन हैड क्वार्टर में जानकारी दी गई है। बीबीसी के भारत में अन्य दफ्तरों पर सर्वे की सूचना है।

बीबीसी डॉक्यूमेंट्री विवाद के बाद सर्च ऑपरेशन

आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले ही बीबीसी ने गुजरात दंगों व प्रधानमंत्री मोदी पर एक डॉक्यूमेंट्री जारी कर दी थी। इसको लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद भारत में डॉक्यूमेंट्री को बैन कर दिया था। उधर, कांग्रेस ने इस कार्रवाई को देश में अघोषित आपातकाल की स्थिति बताया है। उन्होंने कहा कि पहले तो डॉक्यूमेंट्री पर बैन लगाया गया और अब बीबीसी के दफ्तर पर सर्वे शुरू किया गया है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बनी डॉक्यूमेंट्री को लेकर बीबीसी विवाद में आया है। पिछले हफ्ते सुप्रीम कोर्ट ने 2002 के गुजरात दंगों पर डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ के प्रसारण के लिए बीबीसी पर प्रतिबंध लगाने की मांग करने वाली हिंदू सेना द्वारा दायर जनहित याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया था।