भारत की रिकवरी रेट दुनिया में सबसे ज़्यादा, 97 प्रतिशत पहुंची

नई दिल्ली। कोविड-19 महामारी से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि से भारत की (रिकवरी) दर लगभग 97 प्रतिशत हो गई है। भारत की रिकवरी दर पूरी दुनिया में सबसे उच्च रिकवरी दर में से एक है। कुल 1,03,73,606 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों में 14,301 मरीज ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज घटकर 1.75 लाख (1,73,740) से कम रह गई है। वर्तमान में कुल सक्रिय मामलों की संख्या, देश के कुल पॉजिटिव मामलों का मात्र 1.62 प्रतिशत है।

सक्रिय मामलों की संख्या में लगातार गिरावट के राष्ट्रीय रूझान के अनुरूप 31 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में सक्रिय मामलों की संख्या 5,000 से कम दर्ज की गई है।

सक्रिय मामलों का 78 प्रतिशत पांच राज्यों-केरल, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल से हैं।

28 जनवरी 2021 को सुबह 7:30 बजे तक लगभग 23.5 लाख (23,55,979) लाभार्थियों को कोविड-19 टीका लगाया गया है।

पिछले 24 घंटों में 6,102 सत्रों के तहत 3,26,499 लोगों को टीका लगाया गया है। अब तक 24,764 सत्र आयोजित किए जा चुके हैं।

नए ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या का 77.84 प्रतिशत सात राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। एक दिन में सबसे अधिक ठीक होने वाले रोगियों की संख्या केरल में दर्ज की गई है। जहां 5,006 मरीज ठीक हुए हैं। पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र में 2,556 और कर्नाटक में 944 मरीज ठीक हुए हैं।

पिछले 24 घंटों में कुल 11,666 नए मामले दर्ज किए गए हैं।

नए मामलों का 81.96 प्रतिशत छह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में दर्ज किए गए हैं।

प्रतिदिन के आधार पर केरल में सबसे अधिक-5,659 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 2,171 और तमिलनाडु में 512 नए मामले दर्ज किए गए हैं।

पिछले 24 घंटों में 123 मरीजों की मौत हुई है।

मरीजों की मौत का 75.61 प्रतिशत सात राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 32 लोगों की, केरल में 20 लोगों की और पंजाब में 10 लोगों की मौत हुई है।