भारत बंद : हरियाणा में आज दोपहर तक रहा मिलाजुला असर

चंडीगढ़। कृषि विधेयकों के विरोध में किसान संगठनों की ओर से शुक्रवार को भारत बंद का ऐलान किया गया है। हरियाणा में आज दोपहर तक भारत बंद का मिलाजुला असर रहा। हरियाणा में पंजाब के साथ लगते सिरसा व फतेहाबाद जिले में किसानों ने सड़कों पर उतरकर कृषि विधेयकों का विरोध किया।

हालांकि भारत बंद को देखते हुए प्रदेशभर में पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। खासकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र व अंबाला में पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखी। पुलिस ने गश्त के दौरान किसानों की हर गतिविधि पर नजर रखी।

उल्लेखनीय है कि 10 सितम्बर को किसान संगठनों की ओर से पिपली में कृषि अध्यादेशों के खिलाफ मंडी बचाओ-किसान बचाओ रैली का आयोजन किया गया था। इस दौरान किसानों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया था।

इसके विरोध में किसानों ने पांच दिन जिला मुख्यालयों पर धरना दिया तो 20 सितम्बर को हरियाणा सील कर दिया था और 25 सितम्बर को हरियाणा में भारतीय किसान यूनियन के प्रधान गुरनाम सिंह चढूनी ने भारत बंद का आह्वान किया। मगर शुक्रवार तक भारत बंद ज्यादा कामयाब साबित नहीं हो पाया।