एक क्लिक में पढ़िए विदेश से जुडी बड़ी ख़बरें

dainik jaltedeep
dainik jaltedeep

येरुशलम। इजराइली स्पाईवेयर पेगासस से जासूसी के आरोप अब इजराइल में ही लगाए गए हैं। हाल ही में आई एक रिपोर्ट में इजराइल की पुलिस पर पेगासस का इस्तेमाल कर लोगों की जासूसी करने की बात कही गयी है। इसके बाद इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्टाली बेनेट ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की बात कही है।

रूस ने फिर कश्मीर को बताया भारत और पाकिस्तान के बीच का मसला

मास्को (एजेंसी)। चीन के रास्ते रूस के साथ रिश्तों की मजबूती की कोशिश में लगे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को फिलहाल निराशा ही हाथ लगी है। रूस ने एक बार फिर कश्मीर को भारत और पाकिस्तान के बीच का द्विपक्षीय मसला करार दिया है। पिछले दिनों एक रूसी मीडिया संगठन रेडफिश ने कश्मीर के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा था कि यह क्षेत्र एक और फलस्तीन बनने की ओर बढ़ रहा है। आरोप है कि इस मीडिया संगठन को रूस की सरकार का समर्थन प्राप्त है।

सीरिया में कैद हैं सैकड़ों बच्चों के सपने, संयुक्त राष्ट्र भी निराश

दमिश्क (एजेंसी)। दक्षिण-पश्चिम एशियाई देश सीरिया में बीते 11 वर्षों से लड़ाई का सर्वाधिक खामियाजा बच्चे भुगत रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ ने हाल ही में सीरियाई जेलों का दौरा कर पाया कि वहां जेलों में सैकड़ों बच्चों के सपने कैद हैं। तमाम प्रयासों के बाद भी इन बच्चों को आजादी न मिलने से संयुक्त राष्ट्र भी निराश है। सीरिया में पिछले 11 वर्ष से जारी भीषण लड़ाई और अशांति ने वहां के बच्चों का ना सिर्फ बचपन तबाह कर दिया है बल्कि उनके अधिकारों की धज्जियां उड़ा दी हैं।

कनाडा : ट्रक चालकों ने घेरी राजधानी, ओटावा में आपातकाल का एलान

ओटावा (एजेंसी)। कनाडा की राजधानी ओटावा को ट्रक चालकों ने चारों तरफ से घेर लिया है। शहर के चारों ओर से बंद हो जाने के बाद ओटावा के मेयर ने आपातकाल का एलान कर दिया है। कोरोना संकट से निपटने के लिए कनाडा की सरकार ने अमेरिका-कनाडा सीमा पर सभी ट्रक चालकों के लिए कोरोना टीकाकरण अनिवार्य कर दिया है। सरकार का आदेश है कि चालकों के कोरोना टीकाकरण के बाद ही ट्रक कनाडा में प्रवेश कर पाएंगे। इसके बाद से ट्रक चालक आंदोलित हैं।

यूक्रेन पर रूस ने किया हमला तो मरेंगे 50 हजार आम नागरिक

वाशिंगटन (एजेंसी)। रूस और यूक्रेन की सीमा पर लगातार बढ़ रहे तनाव के बीच अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया है कि रूस ने यूक्रेन पर हमले की 70 प्रतिशत तैयारी पूरी कर ली है। इन अधिकारियों का मानना है कि रूस ने यूक्रेन पर हमला किया तो सैन्य हानि के अलावा कम से कम 50 हजार आम नागरिकों की जान जाएगी। रूस और यूक्रेन की सीमा पर पहले एक लाख से ज्यादा रूसी सैनिक तैनात हैं। रूस लगातार हमले की बात से इनकार कर रहा है।

इमरान को चीन दौरे से मिली निराशा, नहीं मिला नया कर्ज

बीजिंग (एजेंसी)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए चीन का बहुचर्चित दौरा बहुत प्रभावी नहीं साबित हुआ है। इमरान को इस दौरे से निराशा ही हाथ लगी है, क्योंकि पाकिस्तान को चीन से नया कर्ज भी नहीं मिला है। विंटर ओलिंपिक का इस्तेमाल राजनीतिक प्रभाव बढ़ाने में करते हुए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने रविवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रजेज डूडा से मुलाकात की। जिनपिंग ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से अलग से मुलाकात की। भीषण आर्थिक संकट झेल रहे पाकिस्तान को चीन से नया कर्ज मिलने की उम्मीद थी। बताया गया कि इमरान खान ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से तीन अरब डालर का कर्ज स्वीकृत करने का अनुरोध किया है लेकिन पहले से चीनी कर्ज के बोझ से दबे पाकिस्तान को और कर्ज देने की मंजूरी तो दूर, इस बाबत अब तक आश्वासन तक नहीं मिला है। तमाम मुलाकातों व चर्चाओं के बावजूद पाकिस्तान को चीन से नया कर्ज नहीं मिल सका है। इस दौरान चीन-पाकिस्तान इकोनोमिक कारिडोर (सीपीईसी) के द्वितीय चरण में होने वाले कार्यो पर चर्चा हुई। सीपीईसी के प्रथम चरण के कई कार्य अभी पूरे नहीं हुए हैं। करीब दो साल से सीपीईसी पर कार्य बंद पड़ा है। चीन के निवेशित धन का ब्याज भी पाकिस्तान नहीं चुका पा रहा है। इमरान से मुलाकात में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने विश्वास जताया कि दोनों देश मिलकर बदलाव लाएंगे और चीन व पाकिस्तान का रणनीतिक सहयोग दुनिया में बदलाव का कारक बनेगा। चीन अंतरराष्ट्रीय संबंधों में पूरी तरह से न्याय और पारदर्शिता बरतता है। पाकिस्तान के साथ चीन के ऐसे ही रिश्ते हैं। दोनों देश संयुक्त राष्ट्र संघ सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर कार्य करेंगे।

मेडागास्कर में चक्रवात से छह की मौत, हजारों बेघर

एंटानानारिवो (एजेंसी)। पूर्वी अफ्रीकी देश मेडागास्कर में आए प्रचंड चक्रवात से छह लोगों की मौत हो गयी है। चक्रवात से हजारों लोग बेघर हुए हैं। कई शहर तो पूरी तरह तबाह हो गए हैं। मेडागास्कर की राजधानी एंटानानारिवो से 530 किलोमीटर दक्षिणपूर्व में 235 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से आए प्रचंड चक्रवात ने मनंजरी जिले पर सीधा हमला किया। इस कारण मनंजरी बुरी तरह तबाह हो गया। घरों की छतें उड़ गयीं और हजारों की संख्या में लोग बेघर हो गए। मनंजरी और आसपास के कस्बों मराकारा और नोजी वरिका के निवासियों का कहना था कि चक्रवात के कारण उत्पन्न स्थितियां भवावह थीं। उन लोगों ने अपने पूरे जीवन में इन स्थितियों का सामना नहीं किया है। चक्रवात के कारण भारी नुकसान हुआ है। लोगों के घरों की छतें उड़ गईं, तमाम घर जमींदोज हो गए,पेड़ गिर गए और बिजली के खंभे उखड़ गए। मेडागास्कर के उपराष्ट्रपति के तकनीकी सलाहकार विली रहरिजाओना ने बताया कि नोसी वरिका शहर तो 95 प्रतिशत से अधिक तबाह हो चुका है। पक्के घरों की छतें कागजों की तरह हवा उड़ा ले गयी। लकड़ी की झोपडिय़ां तो पूरी तरह ध्वस्त ही हो गयीं। इस बीच देश की डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी ने दावा किया है कि 48 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर आपातकालीन आवास सुनिश्चित कराए गए हैं। चक्रवात के कारण लोगों को शुद्ध पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। लोग भोजन बनाने के लिए भी गंदे पानी का उपयोग करने को विवश हैं। चिकित्सकों ने डायरिया फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया है।