वियतनाम में बड़ा हादसा, भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी
वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही स्पीडबोट हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 21 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। भारतीय दूतावास ने कंट्रोल रूम स्थापित कर राहत एवं बचाव अभियान पर लगातार नजर बनाए रखी है।
- वियतनाम नाव हादसा में 15 लोगों की मौत, 21 यात्रियों को बचाया गया।
- भारतीय पर्यटक फु क्वोक द्वीप के पास स्पीडबोट दुर्घटना का शिकार हुए।
- भारतीय दूतावास ने सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया।
Boat carrying Indian tourists capsizes : वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के निकट शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट अचानक हादसे का शिकार हो गई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना में 15 लोगों की जान चली गई, जबकि 21 अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकालकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें ; NFSU जयपुर को लेकर बड़ा निर्देश, मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण
घटना के बाद भारतीय दूतावास ने स्थिति पर नजर रखते हुए प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए कदम उठाए हैं। हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास और हनोई में अलग-अलग कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, ताकि पीड़ितों और उनके परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक, एक टूर गाइड और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब एक बजे ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की नाव में तकनीकी खराबी आने के बाद वह पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद पर्यटक नौकाएं सबसे पहले राहत कार्य में जुट गईं। इसके बाद बॉर्डर गार्ड, नौसेना और तटरक्षक बल ने संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। बचाव अभियान के लिए 35 अधिकारियों और जवानों के साथ विशेष जहाज भी तैनात किए गए।
प्रशासन के अनुसार मृतकों में दो महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं। वहीं घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें ; RIICO का बड़ा मौका, 15 जुलाई से 5000+ औद्योगिक भूखंडों का आवंटन
फु क्वोक के पास स्थित मे रुट न्गोआई द्वीप अपने खूबसूरत कोरल रीफ और डाइविंग गतिविधियों के लिए जाना जाता है। यहां तक पहुंचने के लिए पर्यटक आमतौर पर 20 से 40 मिनट की स्पीडबोट यात्रा करते हैं।



