ब्लैक सी में तेल टैंकर पर ड्रोन हमला
रूस के ब्लैक सी तट के पास लाइबेरिया के झंडे वाले तेल टैंकर एफ्रामैक्स रियो पर ड्रोन और बिना चालक वाली नौकाओं से हमला हुआ। हमले के बाद टैंकर में आग लग गई और कच्चा तेल समुद्र में जलने लगा। राहत की बात यह रही कि चालक दल के सभी 23 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
- ब्लैक सी में तेल टैंकर पर ड्रोन हमला हुआ।
- एफ्रामैक्स रियो के 23 क्रू सदस्य सुरक्षित बचाए गए।
- हमले के बाद तेल टैंकर में आग लगी, समुद्र में कच्चा तेल जलता दिखा।
Drone Attack On Oil Tanker In Black Sea : रूस के ब्लैक सी तट के पास मंगलवार को एक तेल टैंकर को ड्रोन और बिना चालक वाली सतही नौकाओं के जरिए निशाना बनाए जाने की खबर है। हमले के बाद लाइबेरिया के झंडे वाले एफ्रामैक्स रियो टैंकर में आग लग गई। राहत की बात यह रही कि जहाज पर मौजूद सभी 23 क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
रूसी अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, बचाए गए चालक दल के सदस्य भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं।
रूस के परिवहन मंत्रालय ने बताया कि घटना सोची के पास ब्लैक सी में हुई। हमले के बाद टैंकर में आग भड़क उठी और कच्चा तेल खुले समुद्र में जलने लगा। मंत्रालय के अनुसार, फिलहाल आग की तीव्रता को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आग की लपटें कम होने के बाद इसे बुझाने का अभियान शुरू किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : कृति सेनन ने विज्ञापन विवाद पर कही बड़ी बात
घटना के बाद रूस के परिवहन मंत्री आंद्रे निकितिन ने स्थिति की समीक्षा के लिए आपात बैठक की। मंत्रालय का कहना है कि आग पर काबू पाने के लिए पर्याप्त संसाधन और राहत बल उपलब्ध हैं।
वहीं, घटना के बाद सिरीयस संघीय क्षेत्र में समुद्र तटों को बंद कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन की ओर से समुद्र और हवा की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन प्रमुख दिमित्री प्लिश्किन ने दावा किया कि शुरुआती जांच में प्रदूषक तत्वों का स्तर तय सीमा से काफी नीचे पाया गया है और फिलहाल लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा नहीं है।
तेल टैंकर पर हुए इस हमले के बाद समुद्री सुरक्षा और पर्यावरणीय नुकसान को लेकर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।



