भारत-ऑस्ट्रेलिया की दो टूक, पश्चिम एशिया संकट पर बढ़ी चिंता

भारत और ऑस्ट्रेलिया ने संयुक्त वक्तव्य जारी कर पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई है। दोनों देशों ने कहा कि इस संकट का असर ऊर्जा सुरक्षा, आपूर्ति शृंखलाओं और वैश्विक कीमतों पर पड़ रहा है। साथ ही स्वच्छ ऊर्जा, परमाणु सहयोग और ऊर्जा व्यापार को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति भी बनी।

  • भारत-ऑस्ट्रेलिया ने पश्चिम एशिया संकट पर साझा चिंता जताई।
  • पश्चिम एशिया की स्थिति से ऊर्जा और आपूर्ति शृंखलाओं पर असर की आशंका।
  • ऊर्जा सुरक्षा और स्वच्छ ऊर्जा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति।

India-Australia Raise Concern Over West Asia Crisis: भारत और ऑस्ट्रेलिया ने संयुक्त वक्तव्य जारी करते हुए पश्चिम एशिया में जारी तनाव को वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा और आपूर्ति शृंखलाओं के लिए चिंता का विषय बताया है। दोनों देशों का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों का असर ऊर्जा संसाधनों की उपलब्धता, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है।

संयुक्त वक्तव्य में दोनों देशों ने ऊर्जा सुरक्षा को भविष्य की प्राथमिकता बताते हुए स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा व्यापार और रणनीतिक निवेश के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का संकल्प दोहराया। साथ ही निजी क्षेत्र की भागीदारी को इस दिशा में अहम बताया गया।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, भारत और ऑस्ट्रेलिया ने खुद को व्यापक सामरिक साझेदार बताते हुए मुक्त, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साझा विजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों देशों ने नियम आधारित वैश्विक व्यापार व्यवस्था और खुले बाजार को आर्थिक विकास व स्थिरता के लिए जरूरी बताया।

यह भी पढ़ें : भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी से खुलेंगे निवेश और स्वच्छ ऊर्जा के नए रास्ते

संयुक्त वक्तव्य में कहा गया कि आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौता (ECTA) और प्रस्तावित व्यापक आर्थिक सहयोग समझौता (CECA) ऊर्जा व्यापार और निवेश को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। दोनों देशों ने इन समझौतों के जरिए द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

ऊर्जा सहयोग के तहत ऑस्ट्रेलिया को भारत के लिए तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) का प्रमुख आपूर्तिकर्ता और भारत को ऑस्ट्रेलिया के लिए तरल ईंधन एवं डाउनस्ट्रीम उत्पादों का महत्वपूर्ण साझेदार बताया गया। दोनों देशों ने ऊर्जा उत्पादों की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और व्यापार बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

संयुक्त वक्तव्य में वर्ष 2015 के भारत-ऑस्ट्रेलिया असैन्य परमाणु सहयोग समझौते का भी उल्लेख किया गया। दोनों पक्षों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के सुरक्षा मानकों के तहत शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए ऑस्ट्रेलियाई यूरेनियम के भारत निर्यात से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

दोनों देशों ने ऊर्जा संक्रमण, नवीकरणीय ऊर्जा, निम्न-कार्बन ईंधन और ऊर्जा मूल्य शृंखला में निवेश को बढ़ावा देने पर भी सहमति व्यक्त की। उनका मानना है कि भविष्य में ऊर्जा प्रणालियों का बढ़ता विद्युतीकरण ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूत करेगा।

यह भी पढ़ें : कोटा के विकास पर सीएम का बड़ा दावा, हाड़ौती को मिल रही नई रफ्तार

भारत और ऑस्ट्रेलिया ने प्रशांत द्वीपीय देशों की ऊर्जा संबंधी चुनौतियों का भी उल्लेख किया और कहा कि इन देशों की आर्थिक मजबूती और विकास के लिए विश्वसनीय ऊर्जा आपूर्ति बेहद आवश्यक है। साथ ही क्षेत्रीय देशों से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति शृंखलाओं को खुला, सुरक्षित और निर्बाध बनाए रखने के प्रयासों में शामिल होने का आह्वान किया गया।

संयुक्त वक्तव्य में कोयला, प्राकृतिक गैस, डीजल और अन्य ऊर्जा उत्पादों की सुरक्षित एवं भरोसेमंद आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया ने भारत की ग्लोबल बायोफ्यूल्स एलायंस पहल का स्वागत करते हुए स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Articles

Back to top button