नेपाल बाढ़: 903 शव मिले, 4,247 अब भी लापता

नेपाल के रसुवा में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान तेज है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 903 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 4,247 लोग लापता हैं। सेना और सुरक्षा बलों ने 10,451 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीमें तैनात हैं और अज्ञात शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

  • नेपाल बाढ़ में अब तक 903 शव बरामद, 4,247 लोग लापता।
  • नेपाल बाढ़ रेस्क्यू अभियान में 10,451 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
  • नेपाल बाढ़ राहत में 20,819 सुरक्षाकर्मी लगातार जुटे हुए हैं।

Nepal Flood Rescue Update : नेपाल में बाढ़ और जलप्रलय के बाद हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। रसुवा समेत कई प्रभावित जिलों में राहत, खोज और बचाव अभियान जारी है। नेपाल के गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 31 अगस्त सुबह 11 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 903 शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, 4,247 लोगों के लापता होने की सूचना है।

सरकारी आंकड़ों में सबसे अधिक 272 शव चितवन से बरामद हुए हैं। इसके अलावा नवलपरासी पूर्व से 207, नवलपरासी पश्चिम से 151, नुवाकोट से 95, गोरखा से 62, धादिङ से 55, तनहुँ से 37 और रसुवा से 24 शव मिले हैं। कुछ मामलों में बरामद मानव अवशेषों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

यह भी पढ़ें : ‘टॉक्सिक’ की कमाई ने मचाया तहलका

लापता लोगों में बड़ी संख्या जलविद्युत परियोजनाओं से जुड़े लोगों की है। रिपोर्ट के मुताबिक ऐसी परियोजनाओं से जुड़े 933 लोग लापता हैं। इसके अलावा नुवाकोट में 1,558 और रसुवा में 865 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। विदेशी नागरिकों के अलावा उनके साथ यात्रा कर रहे नेपाली नागरिक भी लापता लोगों की सूची में शामिल हैं।

बचाव अभियान के दौरान अब तक 10,451 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। नेपाली सेना ने हवाई अभियान के जरिए 252 विदेशी नागरिकों और 3,344 नेपाली नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। 30 अगस्त तक जलविद्युत परियोजनाओं से 15 चीनी और 7 भारतीय नागरिकों को भी बचाया गया है। राहत अभियान के तहत अब तक 411 हेलीकॉप्टर उड़ानें संचालित की जा चुकी हैं।

यह भी पढ़ें : HDFC Bank के CEO जगदीशन लेंगे रिटायरमेंट

बाढ़ से 267 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 156 को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। प्रभावित क्षेत्रों में छह सर्जिकल मेडिकल टीमें काम कर रही हैं। वहीं, राहत और सुरक्षा अभियान में नेपाल पुलिस, नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल के कुल 20,819 जवान तैनात हैं।

प्रशासन के सामने अब अज्ञात शवों की पहचान एक बड़ी चुनौती है। अलग-अलग जिलों के 21 अस्पतालों में ऐसे शवों को रखा गया है और पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रभावित इलाकों में जरूरी सेवाएं बनाए रखने के लिए ईंधन का भी इंतजाम किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक 25 हजार लीटर डीजल, 21 हजार लीटर पेट्रोल और 10 हजार लीटर विमान ईंधन उपलब्ध है।

Related Articles

Back to top button