नेपाल में बाढ़ का तांडव, 500 से ज्यादा कंटेनर बहे
तिब्बत में ग्लेशियर फटने के बाद नेपाल के रसुवा जिले के सीमावर्ती टिमुरे इलाके में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। नेपाल-चीन सीमा पर खड़े 500 से अधिक कंटेनर बहने की खबर है। स्थानीय संगठनों के मुताबिक बड़ी संख्या में लोग भी प्रभावित हुए हैं, जबकि राहत और बचाव अभियान जारी है।
- नेपाल बाढ़: टिमुरे में अचानक आई बाढ़ से भारी तबाही
- 500 से अधिक कंटेनर: नेपाल-चीन सीमा पर खड़े कंटेनर बहने की खबर
- बचाव अभियान: घायलों को हेलीकॉप्टर से काठमांडू भेजा गया
Nepal Floods Sweep Away 500+ Containers : नेपाल-चीन सीमा से लगे रसुवा जिले में बुधवार को अचानक आई बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टिमुरे इलाके में नेपाल की ओर आने और चीन की तरफ जाने के लिए खड़े 500 से अधिक कंटेनर बाढ़ की चपेट में आकर बह गए।
नेपाल हिमालय सीमापार वाणिज्य संघ के मुताबिक टिमुरे स्थित कस्टम कार्यालय के यार्ड में खड़े करीब 200 कंटेनर बहने की सूचना है। इसके अलावा चीन से सामान लाने के लिए जा रहे लगभग 300 कंटेनर भी बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें : ‘टॉक्सिक’ में यश का जलवा, एक्शन ने बढ़ाया रोमांच
संघ के सचिव आङदोर्जे शेर्पा ने बताया कि शुरुआती अनुमान के मुताबिक शायद केवल करीब 10 प्रतिशत कंटेनर ही सुरक्षित बच पाए हैं। उन्होंने टिमुरे की स्थिति को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि वहां का पूरा गांव बाढ़ से प्रभावित हुआ है और चीन की ओर जाने वाले मार्ग का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
अचानक आई बाढ़ ने केवल व्यापारिक गतिविधियों को ही प्रभावित नहीं किया, बल्कि स्थानीय आबादी के लिए भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बड़ी संख्या में लोगों के बाढ़ की चपेट में आने की जानकारी सामने आई है। मार्ग और संचार व्यवस्था को नुकसान पहुंचने के कारण राहत कार्य में भी चुनौतियां बनी हुई हैं।
यह भी पढ़ें : PM मोदी ने मिलाद-उन-नबी और ओणम पर दी शुभकामनाएं
बाढ़ के बाद राहत और बचाव दल सक्रिय हो गए हैं। जानकारी के अनुसार एक हेलीकॉप्टर टिमुरे पहुंचा, जिसके जरिए 7-8 घायलों को निकालकर काठमांडू भेजा गया। अधिकारियों और स्थानीय लोगों की मदद से प्रभावित इलाकों में स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक टिमुरे कस्टम कार्यालय क्षेत्र में बाढ़ का पानी अब कुछ कम हुआ है। इसके साथ ही बाधित टेलीफोन सेवाएं भी धीरे-धीरे बहाल होने लगी हैं। हालांकि इलाके में नुकसान का वास्तविक आकलन अभी बाकी है।
नेपाल हिमालय सीमापार वाणिज्य संघ के अध्यक्ष रामहरि कार्की ने कहा कि बाढ़ की चपेट में सैकड़ों कंटेनर और बड़ी संख्या में लोग आए हैं। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा से बड़े पैमाने पर जनधन के नुकसान की आशंका है।



