न्यू जर्सी में सजा भव्य तीज महोत्सव, सजे ऊंट और गूंजा ‘जय तीज माता’

अमेरिका के न्यू जर्सी में राजस्थानियों ने 10वें तीज महोत्सव में अपनी संस्कृति और परंपराओं का भव्य प्रदर्शन किया। हजारों लोगों की मौजूदगी में तीज माता की शोभायात्रा, घूमर, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम में राजस्थान पेजेंट के विजेताओं का सम्मान हुआ और शिक्षा के क्षेत्र में तकनीकी मदद के लिए सanganak पहल शुरू की गई, जिससे जरूरतमंद विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

  • न्यू जर्सी में तीज महोत्सव में हजारों लोगों ने लिया हिस्सा।
  • राजस्थानी संस्कृति और लोक परंपराओं की रंगारंग प्रस्तुति।
  • संगणक पहल के जरिए राजस्थान के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर लैब बनाने की योजना।

Grand Teej Festival Celebrated in New Jersey : राजस्थान से हजारों किलोमीटर दूर न्यू जर्सी में राजस्थानी संस्कृति का रंग देखने को मिला। रास्थानी ऑर्गनाइजेशन ऑफ अमेरिकन रेजिडेंट्स (ROAR) की ओर से 10वें तीज महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी, परिवार, कलाकार, कारोबारी और समुदाय के लोग शामिल हुए।

न्यू जर्सी में सजा भव्य तीज महोत्सव, सजे ऊंट और गूंजा 'जय तीज माता'
Image Source : Via Dainik Jaltedeep

कार्यक्रम की शुरुआत तीज माता की भव्य शोभायात्रा से हुई। सजे हुए ऊंट, पारंपरिक ध्वज, मंदिर की घंटियों और ‘जय तीज माता’ के जयघोष ने माहौल को राजस्थान जैसा बना दिया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने ढोल और लोक संगीत की धुन पर नृत्य किया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ राजस्थानी लोक संस्कृति की झलक दिखाई दी।

न्यू जर्सी में सजा भव्य तीज महोत्सव, सजे ऊंट और गूंजा 'जय तीज माता'
Image Source : Via Dainik Jaltedeep

महोत्सव में घूमर समेत कई लोकनृत्यों, पुरुष कलाकारों की प्रस्तुतियों और युवाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इंटरनेशनल राजस्थान पेजेंट 2026 भी आयोजन का खास आकर्षण रहा। इसके बाद भारत से विशेष रूप से पहुंचे बॉलीवुड गायक विनीत सिंह ने लाइव प्रस्तुति देकर माहौल में नई ऊर्जा भर दी।

महोत्सव का एक महत्वपूर्ण पहलू सांस्कृतिक कार्यक्रम से आगे बढ़कर सामाजिक सरोकार से भी जुड़ा रहा। यूथ ऑफ राजस्थान (YOR) की ओर से द संगणक इनिशिएटिव की शुरुआत की गई। इसके तहत राजस्थान के जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने और तकनीकी शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

यह भी पढ़ें ; महात्मा गांधी अस्पताल में आज़ादी का जश्न, बेहतरीन काम करने वाले डॉक्टर और स्टाफ सम्मानित

कार्यक्रम में समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया। पियूष पटेल को प्रतिष्ठित भामाशाह अवॉर्ड प्रदान किया गया। वहीं बीना कोठारी को दशकों से नेतृत्व, परोपकार और सामुदायिक सेवा में योगदान के लिए वुमन अचीवर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। दोनों सम्मान पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में प्रदान किए गए।

इंटरनेशनल राजस्थान पेजेंट 2026 में संजू पुरोहित को Mrs. Rajasthan International 2026, मती राजवंशी को Miss Rajasthan International 2026, तन्वी अग्रवाल को Miss Teen Rajasthan International 2026 और आकांक्षा जैन को Teej Queen 2026 का खिताब मिला। ROAR ने पूर्व विजेताओं पायल शर्मा, मिली राजपूत और भावना निगम के योगदान की भी सराहना की।

समारोह में मेयर नीना सिंह, काउंसिलमैन वीरू पटेल और काउंसिलमैन राजेश मेहता सहित कई प्रमुख अतिथि मौजूद रहे। ROAR के संरक्षकों हरिदास कोटाहवाला, नवीन शाह, परमेश्वर सोनी, चंद्र सुखवाल और सी.पी. जोशी ने भी आयोजन को अपना सहयोग दिया।

यह भी पढ़ें ; पशुपतिनाथ पहुंचे जनरल धीरज सेठ, की विशेष पूजा

आयोजन की सफलता में ROAR अध्यक्ष तरंग सोनी और आयोजन समिति की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। कई महीनों की तैयारियों के बाद कार्यक्रम को आकार देने में स्वयंसेवकों, प्रायोजकों और सामुदायिक संगठनों ने भी अहम योगदान दिया। यूथ ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष अथर्व सोनी और पूरी YOR टीम की भूमिका की भी प्रशंसा की गई।

महोत्सव में राजस्थान के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लोगों को मिला। दाल बाटी चूरमा, सांगरी की सब्जी और घेवर जैसे पकवानों ने न्यू जर्सी में राजस्थान के खान-पान की याद ताजा कर दी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वयंसेवकों की मेहनत को भी सम्मान मिला। शैलेश पालीवाल, लावण्या व्यास, जीत रावल, संजू पुरोहित, संजय शर्मा, सचिन जैन, प्रदीप शर्मा, भूषण मित्तल, नविता गोयल, ऋतु दीवान, नंदिता जैन, मेगन मेहनोत, श्वेता तुलस्याण और श्वेता थाक्राल सहित कई लोगों के योगदान की सराहना की गई।

इंटरनेशनल राजस्थान पेजेंट की कोरियोग्राफी, डांस प्रस्तुतियों और बैकस्टेज प्रबंधन में एरिक डायमानी के योगदान को भी विशेष रूप से याद किया गया। उन्होंने कार्यक्रम में मास्टर ऑफ सेरेमनी की भूमिका भी निभाई। रॉयल अल्बर्ट पैलेस के मालिक अल्बर्ट जसानी के सहयोग और आतिथ्य के लिए भी ROAR ने आभार जताया।

आयोजकों ने प्रायोजकों और मीडिया साझेदारों का भी धन्यवाद किया। नविका ग्रुप, ब्लू स्काई हॉस्पिटैलिटी, RIU, बिकाजी, प्रोट्रूड टेक्नोलॉजीज, सैफलटेक, 9लखा ज्वेलर्स, तनिष्क, सुख सागर रेस्टोरेंट, चौहान ज्वेलर्स, रॉयल अल्बर्ट्स पैलेस और मंडप मिलाप सहित कई संस्थानों ने आयोजन में सहयोग दिया।

ROAR के मुताबिक, आयोजन को विभिन्न प्रमुख हस्तियों के शुभकामना संदेश भी मिले। इनमें न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उदयपुर के महाराणा लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ और जोधपुर के महाराजा गज सिंह द्वितीय के संदेश शामिल रहे।

ROAR अध्यक्ष तरंग सोनी ने कहा कि तीज महोत्सव केवल त्योहार मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी पहचान, जड़ों और आने वाली पीढ़ियों तक विरासत पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि हजारों लोगों को संस्कृति, परंपरा और सामुदायिक सेवा के लिए एकजुट देखना गर्व की बात है।

यह भी पढ़ें ; आईएमपीसीसी बैठक में योजनाओं की पहुंच पर जोर

10वें तीज महोत्सव की सफलता के बाद ROAR ने आने वाले वर्षों में भी राजस्थानी विरासत को सहेजने, युवाओं को आगे बढ़ाने, सामाजिक कार्यों को मजबूत करने और अमेरिका में समुदाय के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Articles

Back to top button