स्पेसएक्स क्रू-13 ने रचा इतिहास
नासा के स्पेसएक्स क्रू-13 मिशन ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचने का नया रिकॉर्ड बनाया। ड्रैगन अंतरिक्ष यान लॉन्च के सिर्फ 7 घंटे 55 मिनट बाद आईएसएस के हार्मनी मॉड्यूल से जुड़ गया। मिशन में चार अंतरिक्ष यात्री सवार हैं, जो स्टेशन पर वैज्ञानिक प्रयोगों, मानव स्वास्थ्य और पौधों की वृद्धि से जुड़े अध्ययन करेंगे।
- स्पेसएक्स क्रू-13: ड्रैगन ने महज 7 घंटे 55 मिनट में आईएसएस तक पहुंचकर नया रिकॉर्ड बनाया।
- आईएसएस डॉकिंग: ड्रैगन ने हार्मनी मॉड्यूल के फॉरवर्ड पोर्ट पर सफलतापूर्वक डॉकिंग की।
- चार अंतरिक्ष यात्री: नासा, कनाडा और रूस के अंतरिक्ष यात्री मिशन में वैज्ञानिक प्रयोग करेंगे।
SpaceX Crew-13 Sets New ISS Docking Record : नासा के स्पेसएक्स क्रू-13 मिशन ने अंतरिक्ष यात्रा में नया रिकॉर्ड कायम किया है। स्पेसएक्स का ड्रैगन अंतरिक्ष यान लॉन्च के महज 7 घंटे 55 मिनट बाद अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पहुंचा और हार्मनी मॉड्यूल के फॉरवर्ड पोर्ट पर सफलतापूर्वक डॉकिंग की। नासा के मुताबिक, यह किसी अमेरिकी अंतरिक्ष यान का आईएसएस तक पहुंचने का अब तक का सबसे कम समय है।
क्रू-13 को लेकर स्पेसएक्स का फाल्कन-9 रॉकेट गुरुवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 11:10 बजे फ्लोरिडा के केप कैनावेरल स्पेस फोर्स स्टेशन स्थित स्पेस लॉन्च कॉम्प्लेक्स-40 से रवाना हुआ। ड्रैगन में नासा की अंतरिक्ष यात्री जेसिका वॉटकिंस और ल्यूक डेलानी, कनाडाई अंतरिक्ष एजेंसी के जोशुआ कुट्रिक तथा रूस की रोस्कोस्मोस के कॉस्मोनॉट सर्गेई टेटेरियाटनिकोव सवार थे।
यह भी पढ़ें : नेपाल में बाढ़ की तबाही, 38 दिन बाद भी उद्गम स्थल से दूर सरकार
लॉन्च के कुछ देर बाद फाल्कन-9 का पहला चरण अलग होकर निर्धारित लैंडिंग जोन-40 में सुरक्षित लौट आया। इसके बाद ड्रैगन अंतरिक्ष यान रॉकेट के दूसरे चरण से अलग हुआ और आईएसएस की दिशा में अपनी यात्रा जारी रखी।
करीब 7 घंटे 55 मिनट की यात्रा के बाद ड्रैगन ने शाम 7:05 बजे आईएसएस के हार्मनी मॉड्यूल से संपर्क स्थापित किया। सफल डॉकिंग के बाद अंतरिक्ष यात्रियों ने लीक चेक और जरूरी प्रेशराइजेशन प्रक्रियाएं पूरी कीं।
इसके बाद रात 9:19 बजे ड्रैगन का हैच खोला गया और चारों अंतरिक्ष यात्री आईएसएस के भीतर दाखिल हुए। वहां पहुंचने के साथ ही क्रू-13 ने स्टेशन पर मौजूद एक्सपीडिशन 75 दल का हिस्सा संभाल लिया।
यह भी पढ़ें : गांधी-शास्त्री जयंती पर देश ने किया नमन
आईएसएस पर पहले से मौजूद दल में नासा के जेसिका मीर, जैक हैथवे और अनिल मेनन, यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी की सोफी एडेनोट तथा रोस्कोस्मोस के प्योत्र डुब्रोव, अन्ना किकिना और आंद्रेई फेड्याएव शामिल हैं।
मिशन के दौरान क्रू-13 के सदस्य माइक्रोग्रैविटी में कई महत्वपूर्ण प्रयोग करेंगे। इनमें मानव स्वास्थ्य, पौधों की वृद्धि और अंतरिक्ष से जुड़ी तकनीकों का परीक्षण शामिल है। इन अध्ययनों से भविष्य के लंबे अंतरिक्ष अभियानों के लिए जरूरी जानकारी जुटाने में मदद मिलने की उम्मीद है।



