आईपीएल-2020 निलामी: केकेआर ने कमिंस को खरीदा सबसे महंगा, जानिए किसकी कितनी लगी बोली

कोलकाता। आईपीएल 2020 के ऑक्शन की शुरुआत हो चुकी है। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सीमित ओवर के कप्तान और इंग्लिश टीम को पहली वन-डे क्रिकेट में विश्व चैंपियन बनाने वाले कप्तान इयोन मॉर्गन को कोलकाता नाइटराइडर्स ने 5 करोड़ 25 लाख की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया है।

कोलकाता में आईपीएल के अगले सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हो रही है। आईपीएल 2020 के लिए कोलकाता नाइटराइडर्स ने बड़ा दांव लगाते हुए ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस पर भारी बोली लगाते हुए अपनी टीम में शामिल कर लिया। केकेआर ने कमिंस पर 15 करोड़ 50 लाख की बड़ी बोली लगाकर खरीदा है। कमिंस तीन साल बाद आईपीएल में वापसी कर रहे हैं। अब तक खेले 16 मैचों में वह 17 विकेट ले चुके हैं। कमिंस आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने हैं। इस लीग में सबसे महंगा बिकने का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है। उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स ने 16 करोड़ में खरीदा था।

क्रिस मॉरिस को आरसीबी ने 10 करोड़ में खरीदा।

पिछले साल किंग्स इलेवन के लिए हैट्रिक लेकर सनसनी मचाने वाले युवा इंग्लिश ऑलराउंडर सैम करन को चेन्नई सुपरकिंग्स ने 5 करोड़ 50 लाख में खरीदा।

तेज गेंदबाज ऑलराउंडर क्रिस वोक्स को दिल्ली कैपिटल्स ने 1 करोड़ 50 लाख में खरीदा।

ऑस्ट्रेलियाई धुरंधर खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल पर पैसों की बरसात। 2 करोड़ के बेस प्राइज वाले इस खिलाड़ी को 10 करोड़ 75 लाख में खरीदा गया। मैक्सी के लिए दिल्ली कैपिटल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। आखिरकार पंजाब ने अपने इस पुराने खिलाड़ी को दोबारा अपने टीम में करने में सफलता हासिल की। पिछले साल यह खिलाड़ी आईपीएल में नहीं खेला था।