जम्मू-कश्मीर : पाकिस्तान ने फिर सीमा पर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बार फिर से पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। पाकिस्तानी सेना ने कठुआ और पुंछ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) और नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर कई सेक्टरों में गोलियां चलाई और मोर्टार के गोले दागे। गोलियां एक मंदिर और कुछ मकानों में लगी हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सेना और सीमा सुरक्षा बल ने इसका समुचित जवाब दिया और भारतीय पक्ष में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि कठुआ जिले में आईबी के पास हीरानगर सेक्टर में मनियारी, चंदवा और लोंदी गावों में गोलीबारी से भगवान शिव का एक मंदिर और कु मकान अंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

उन्होंने बताया कि कुछ मवेशियों को गोलियां लगी हैं और पशु चिकित्सक उनका उपचार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीमा पार से गोलीबारी शनिवार रात करीब 9.45 बजे शुरू हुई, इसके बाद दोनों ओर से रविवार सुबह 5.25 बजे तक गोलीबारी जारी रही। इससे इलाके के लोगों में भय का माहौल बन गया और उन्होंने रात भूमिगत बंकरों में गुजारी।

रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने सुबह करीब 7:30 बजे पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए एलओसी पर पुंछ जिले में शाहपुर, किरनी और कस्बा सेक्टर में गोलियां चलाईं और मोर्टार के गोले दागे। भारतीय सेना इसका समुचित जवाब दे रही है।

आईबी पर पाकिस्तान ने फिर रात भर की गोलाबारी

आपको बता दें कि भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर पाकिस्तान लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। शुक्रवार रात को भी पाकिस्तानी रेंजर्स ने करीब साढ़े सात घंटे रुक-रुक कर गोलाबारी की। जिसका बीएसएफ के जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।

पाकिस्तान की 25 चिनाब रेंजर्स ने शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे गोलाबारी शुरू की जो सुबह पांच बजे तक जारी रही। इस दौरान बीएसएफ की मनियारी, चांदवां, फकीरा पोस्ट व उसके साथ लगते रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया।