जम्मू-श्रीनगर हाईवे बर्फबारी के कारण जाम, राजस्थान के माउंट आबू में रात का पारा ६ डिग्री

देशभर में मौसम का हाल मिला-जुला नजर आ रहा है। कश्मीर, हिमाचल समेत पहाड़ी राज्यों में अभी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड जारी है, वहीं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड जैसे मैदानी राज्यों में ठंड का असर कुछ कम होता दिख रहा है। इसके अलावा पंजाब और दिल्ली जैसे मैदानी राज्य भी हैं, जहां कड़ाके की ठंड और कोहरा पड़ रहा है।

जम्मू-कश्मीर के ज्यादातर इलाकों में शनिवार को बर्फबारी हुई। करीब 10 इंच तक बर्फ जम गई। इस कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर लंबा जाम लग गया। हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं। रनवे पर बर्फ जमने से ज्यादातर विमान उड़ान नहीं भर सके और न ही कोई फ्लाइट लैंड हो सकी।

पहाड़ों पर बर्फबारी से पंजाब में भी शनिवार को तेज हवा चली और कई जगह बूंदाबांदी हुई। पठानकोट में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। यहां 5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जालंधर, गुरदासपुर-बटाला, होशियारपुर में भी बूंदाबांदी हुई।

इससे दिन और रात के तापमान में थोड़ा सा इजाफा हुआ। शनिवार को 20 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। दिन-रात के तापमान में महज 6 डिग्री तक का अंतर रहा। राज्य में 48 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान के माउंट आबू में रात का पारा 6 डिग्री

राजस्थान में भी ठंड का असर कम होता दिखाई दे रहा है। हिल स्टेशन माउंट आबू में लगातार दो महीनों से पड़ रही कड़ाके की सर्दी से शनिवार को मामूली राहत मिली। यहां एक ही दिन में रात के पारे में 4 डिग्री के उछाल के साथ ही तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अधिकतम तापमान भी 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

यह भी पढ़ें-इन राज्यों में एविएन फ्लू के प्रकोप की पुष्टि, इतने नमूने लिए गए