जापान-चीन के बीच टकराव की स्थिति बनी, चीन के जहाजों ने जापान की सीमा में घुसपैठ की

जापान और चीन के बीच शनिवार को टकराव की स्थिति बन गई। जापान का कहना है कि चीनी नौसेना के जहाजों ने उसकी समुद्री सीमा में घुसपैठ की है। इस मामले में सरकार ने चीन के सामने विरोध भी दर्ज कराया। जापान ने कहा कि चीनी सेना के जहाज पूर्वी चीन सागर में उसके अधिकार वाले आईलैंड्स के पास पहुंच गए थे। चीन भी इन पर दावा करता रहा है। वह बार-बार इस इलाके में घुसपैठ करता है।

जापानी विदेश मंत्रालय के एक सीरियर अफसर ने कहा कि चीन के जहाजों की यह हरकत बर्दाश्त करने लायक नहीं है। चीनी कोस्टगार्ड के 2 जहाजों ने शनिवार को सेनकाकू आईलैंड्स का रुख किया। चीन में इन्हें दियाओयू के नाम से जाना जाता है। चीनी जहाजों ने कथित तौर पर जापान की मछली पकडऩे वाली 2 बोट को रोकने की कोशिश की।

उन्हें रोकने के लिए जापानी कोस्टगार्ड ने अपने जहाज रवाना कर दिए। तोपों से लैस चीन का एक जहाज जापान की सीमा के करीब देखा गया। हाल में चीन ने एक कानून लागू किया है। इसके तहत विदेशी जहाजों पर हथियारों का इस्तेमाल करने और उन्हें तबाह करने की अनुमति दी गई है। इस कानून के लागू होने के बाद यह घुसपैठ का पहला मामला है।