जयपुर में आज तिरंगा यात्रा निकालेंगे केजरीवाल-भगवंत मान

आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी

राजस्थान चुनाव को लेकर कर सकते हैं बड़ी घोषणा, अजमेरी गेट पर जनसभा

जयपुर। राजस्थान में विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही शक्ति प्रदर्शन का सिलसिला शुरू हो गया है। आज (सोमवार) आम आदमी पार्टी जयपुर में तिरंगा यात्रा निकालेगी। इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत प्रदेशभर के आप कार्यकर्ता शामिल होंगे।

आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी

तिरंगा यात्रा जयपुर के सांगानेरी गेट से शुरू होगी। जो बापू बाजार, न्यू गेट को पार करते हुए नेहरू बाजार होकर अजमेरी गेट पहुंचेगी। इस दौरान अजमेरी गेट पर जनसभा का आयोजन भी किया गया है। इसमें आम आदमी पार्टी के नेता राजस्थान चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा कर सकते हैं।

आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी

आप से राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने कहा, राजस्थान को नंबर वन बनाने के लिए तिरंगा यात्रा एक अभियान है। इस अभियान के माध्यम से हम देश के हर कोने में एक सकारात्मक राजनीति की शुरुआत करना चाहते हैं। देश को हम अरविंद केजरीवाल जी की राजनीति से जोडऩा चाहते हैं। हम राजस्थान में अच्छे स्कूल और अस्पताल बनाने की राजनीति की शुरुआत करना चाहते हैं। इसलिए राजस्थान में आप इस बार पुरजोर तरीके से विधानसभा कि 200 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

कांग्रेस और बीजेपी आपस में मिले हैं

आप के राजस्थान प्रभारी विनय मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी आपस में मिले हुए हैं। जहां भी आम आदमी पार्टी से इन्हें खतरा नजर आता है, दोनों एक हो जाते हैं। राजस्थान में भी यही मिलीभगत का खेल चल रहा है। हमने बीजेपी प्रदेश मुख्यालय का घेराव करना चाहा तो यहां की कांग्रेस सरकार ने पुलिस के जरिए रुकवा दिया। इनकी यह मिलीभगत का खेल ज्यादा चलने वाला नहीं है। जनता समझ चुकी है।

घोषित हो सकती है कार्यकारिणी

वर्तमान में राजस्थान में आप की कार्यकारिणी नहीं है। संभावना है कि इस जनसभा के बाद आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा कर दें। इसके अलावा प्रदेश कार्यकारिणी के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्ति की घोषणा की जा सकती है। यात्रा में राजस्थान के कई जिलों से आप के कार्यकर्ता जयपुर आएंगे। इसके लिए प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार किया गया है।

  • आम आदमी पार्टी की तिरंगा यात्रा के दौरान शहर के ट्रैफिक रूट में बड़ा बदलाव
  • सांगानेरी गेट से बापू बाजार, न्यू गेट, नेहरु बाजार, अजमेरी गेट तक सामान्य यातायात नहीं चलेगा।
  • जौहरी बाजार, चौड़ा रास्ता, किशनपोल बाजार में संचालित होने वाले सामान्य यातायात को समानान्तर मार्गों से संचालित किया जाएगा।
  • कार्यक्रम की बसों की पार्किंग रामनिवास के पिछले गेट से त्रिमूर्ति सर्किल तक सर्विस लेन में रहेगी।
  • हल्के वाहनों की पार्किंग रामनिवास बाग में भूमिगत पार्किंग के अन्दर रहेगी।

यह भी पढ़ें :  मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति : 23-24 सितम्बर को आयोजित होगा इंटरनेशनल राजस्थानी कॉन्क्लेव